प्रधानमंत्री का भाषण होगा लाइव
रांची: आगामी 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर राजधानी के मरंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों सहित पूर्व खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर इन्हें नकद राशि सहित प्रदेश के 16 कोचों को खेल मंत्री अमर बाउरी द्वारा नियुक्ति पत्र दी जाएगी।
राज्य के खेल निदेशक अनिल कुमार सिंह ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि फिट इंडिया मूमेंट के तहत रांची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण को लाइव दिखाया जाएगा। कहा कि इसके अलावे सभी सांसदों, विधायकों और पंचायत के मुखियाओं को निर्देश दिया गया है, कि वे इस मौके पर पीएम के भाषण का जन-जन तक पहुंचाने का काम करने के अलावे खुद भी इसका हिस्सा बनें। कहा कि पीएम राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर बेहतर स्वास्थ्य के साथ देश को स्वस्थ रखने के फायदे बतायेंगे। कहा कि पीएम का सपना है कि यहां के युवा स्वस्थ रहें व बीमारियों से पूर्णतः दूर रहें।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद फिट इंडिया मूमेंट के तहत मोहराबादी के मरंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में कई कार्यक्रम आयोजित किये गये हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के खेल मंत्री अमर कुमार बाउरी उपस्थित रहेंगे। सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों में खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों और पूर्व खिलाड़ियों को कैश अवार्ड के साथ-साथ सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही एकलव्य हॉकी प्रशिक्षण शिविर में हॉस्टल का भी उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि झारखंड में विभिन्न खेलों में कोचों की रिक्तियों को भरने के लिए भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही एकलव्य हॉकी प्रशिक्षण शिविर में हॉस्टल का भी उद्घाटन किया जाएगा।