एशिया कप में भारत और श्रीलंका होंगे आमने- सामने, जीत के इरादे से उतरेगी भारतीय टीम

खेल डेस्क: एशिया कप के सुपर-4 राउंड मुकाबले में आज मंगलवार को भारत और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। भारतीय टीम पाकिस्तान से मिली करीबी हार को भुलाकर यह मुकाबला जीतने उतरेगी। वहीं, श्रीलंका की टीम शानदार फॉर्म में है। पिछले मुकाबले में अफगानिस्तान को पटखनी देने के बाद श्रीलंकाई टीम के हौसले बुलंद है। लगातार दूसरी जीत दर्ज कर श्रीलंका टीम फाइनल के करीब पहुंचना चाहेगी। टीम इंडिया आज का मुकाबला हार जाती है तो फाइनल मुकाबले में पहुंचने की उम्मीद भी खत्म हो जाएगी।
आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले तीनों मुकाबले में टीम इंडिया ने श्रीलंका को हराया है। भारत ने श्रीलंका को 17 मैच में पटखनी दी है। वहीं, सात मुकाबलों में उसे हार का मुंह देखना पड़ा है। एक मुकाबला टाई रहा। इसी साल फरवरी में खेले गए तीन टी-20 मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 3-0 से हराया था। वह जीत के इसी कड़ी को जारी रखने के मकसद से दुबई के मैदान में उतरेगी।
बता दें कि एशिया कप-2022 के खेले गए तीन मुकाबलों में भारत ने दो मैच जीते हैं जबकि पिछले मुकाबले में पाकिस्तान से हार मिली है। इस हाईवोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 182 रनों का लक्ष्य दिया था जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम ने एक गेंद शेष रहते ही इस मुकाबले को अपने नाम कर लिया। इस मैच में भारत की तरफ से विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए थे। भारतीय क्रिकेट फैंस को इस मुकाबले में भी विराट कोहली से खास उम्मीद होगी। पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे कोहली ने एशिया कप के तीनों मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी की है।


