निकला मातमी जुलूस या अली की सदा गूंजी

रांची: हजरत अली के शहादत दिवस पर चर्च रोड स्थित मस्जिदे जाफरिया में मजलिस के अंतिम दिन रविवार को को अलम और ताबूत का मातमी जुलूस निकाला गया। यह जुलूस मस्जिद परिसर से शुरू होकर कर्बला चौक होते हुए कर्बला पहुंच कर समाप्त हुआ। इस बीच या अली की सदा जुलूस में गूंजती रही। जुलूस से पूर्व मजलिसे गम को संबोधित करते हुए हाजी मौलाना सैयद तहजीब उल हसन रिजवी इमाम ने कहा कि हजरत अली उस शख्स का नाम है, जिसके लिए पैगंबरे इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्ल का फरमान है कि अली तुम्हारी शुजाअत (बहादुरी) पर नबी को नहीं, बल्कि मजहब इस्लाम को नाज है।
मौलाना ने कहा कि रसूल अकरम ने फरमाया कि अली तुम्हारा मोहब्बत इमान है। हजरत अली का जन्म काबे में और शहादत मस्जिद ए कूफा में 21 रमजान को हुई। जब हजरत अली नमाज कर रहे थे, उसी समय उन पर हमला कर दिया गया और वे शहीद हो गये। कहा कि पैगंबरे इस्लाम के दामाद हजरत अली एक ऐसी आदर्श शख्सियत थे, जिन्होंने अपना जीवन अल्लाह के हुक्म के मुताबिक बिताया। उन्हें अमीरुल मोमिनीन, हैदरे र्करार, इमामुल मुत्तकीन, असदुल्लाह, अबूतराब ,वसी ए रसूल और ना जाने कितने लकब दिये गये।
मौलाना ने कहा कि आज के दौर मे हजरत अली की जीवन दर्शन प्रसांगिक है। उन्होंने अमन व शांति का पैगाम दिया और बता दिया कि इस्लाम कत्ल व गारतगिरी के पक्ष में नही है। जानबूझ कर किसी का कत्ल करने पर इस्लाम मे अदबी आजाब मुर्कर है। कहा कि इस्लाम तमाम मुसलमानों का मजहब है। अल्फाज व नारों से हट कर अदल व इंसाफ की हकीकी तस्वीर पेश की। उन्होंने राष्ट्रप्रेम व समाज मे बराबरी की पैरोकारी की। वह कहा करते थे, कि अपने शत्रु से भी प्रेम किया करो तो वह एक दिन तुम्हारा दोस्त बन जाएगा।
मजलिस के बाद अलम और ताबूत का मातमी जुलूस निकला। कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी सैयद मेहंदी इमाम और जफरुल हसन के द्वारा किया गया। नोहा खानी अंजुमन ए जाफरिया रांची, जपला हुसैनाबाद के मातमी दस्ता और सबीह गोपालपुरी, आमीर गोपालपुरी, कासीम अली ने नोहा पेश किया। सोज खानी सैयद अता इमाम रिजवी, पेश खानी सैयद निहाल हुसैन, आमोद अब्बास ने पेश किया। मौके पर डॉक्टर शमीम हैदर, एस एच फातमी, सैयद समर अली, मेहदी इमाम, सैयद हसनैन जैदी, मुबारक अब्बास, सैयद फौजान हैदर, सैयद तनवीर हसन, सैयद तौकीर हसन, सैयद अतहर इमाम, अशरफ हुसैन, जावेद हैदर, इकबाल हुसैन, अरमान रजा, अहमद अली, जीशान अली सरैया, मो जसीम समेत सैंकड़ों लोग थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More