यहां 1910 से हो रही है पूजा- अर्चना, भक्तों की हर मुरादें होती हैं पूरी

पप्पू पांडेय
सरिया (गिरिडीह): झंडा चौक सरिया स्थित भगवा काली मंडा सरिया प्रखंड का सबसे प्राचीन मंदिर है। जहां प्रत्येक वर्ष शारदीय नवरात्र के समय दुर्गा पूजा आयोजित की जाती है। इस मंदिर में आज भी प्रखंड के तमाम दूरदराज इलाकों के लोग अपनी मन्नतें मांगने आते हैं।
इस मंदिर के अनुज्ञप्ति धारी अर्जुन मंडल, पुरोहित बाबूलाल पांडेय, पूजा समिति अध्यक्ष जय प्रकाश मंडल, सचिव अशोक मंडल, उपाध्यक्ष मुरली मनोहर मंडल, कोषाध्यक्ष कृष्णा मोदी, संरक्षक नारायण मंडल आदि हैं।
जिनकी देखरेख तथा सहयोग से प्रत्येक वर्ष दुर्गा पूजा सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। मंदिर स्थापना के संबंध में अध्यक्ष जय प्रकाश मंडल ने बताया कि पूर्व में यहां के लोग दुर्गा पूजा का मेला देखने बगोदर जाया करते थे।यातायात के साधन नहीं रहने के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। वहीं अधिकांश लोग मेले का आनंद लेने से वंचित भी रह जाते थे। इसी क्रम में सरिया के बलीडीह गांव के भगल महतो अपने परिजनों के साथ मेला देखने बगोदर गए हुए थे। अधिक भीड़ होने के कारण इन लोगों को शारीरिक व आर्थिक नुकसान मेला परिसर में उठाना पड़ा था। यह घटना भगल महतो के लिए प्रेरणा का स्रोत बना। उन्होंने मन में ठान लिया कि आने वाले वर्ष सरिया में ही मेले का आयोजन किया जाएगा। अपने संकल्प को बरकरार रखते हुए उन्होंने झंडा चौक के पास मंदिर के नाम से जमीन व्यवस्था करवाया।
जहां लोगों के सहयोग से 1910 में पहली बार पंडाल बनाकर दुर्गा पूजा आयोजित किया गया। जिसके बाद से सरिया क्षेत्र के लोग आस्था के साथ उक्त मंदिर में पूजा-अर्चना करने लगे। आज उक्त काली मंडा की महिमा इतनी अधिक है कि सरिया क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों से अधिक भीड़ रहती है। वहीं मां दुर्गा की श्रृंगार के लिए आने वाले एक सौ वर्ष तक का डाक बुक करा लिया गया है। स्थानीय लोगों की मानें तो इस मंदिर में आज सबकी मुरादें पूर्ण होती हैं।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More