रांची: जन वितरण प्रणाली की दुकानों से सभी राशन कार्डधारियों को अनाज देने व इस बाबत लापरवाही बरतने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करना सरकार की प्राथमिकता है। जन वितरण की दुकान की निगरानी हेतु स्थानीय स्तर पर समिति का गठन किया गया है, ताकि अनाज वितरण में किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं हो। ये बाते आज खाद्य, सार्वजनिक वितरण और उपभोक्ता मंत्री सरयू राय ने मीडिया से बात करते हुए कही।
मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियन लागू होने के बाद राशन कार्ड धारियों की संख्या में 22 लाख से ज्यादा की बढ़ोत्तरी हुई है। मौजूदा समय में 57,03, 670 लाख कार्डधारी हैं। इन सभी लाभुकों को सही राशन मिले, इसकी पूरी निगरानी की जा रही है। राशन दुकानदारों और अनाज के वितरण में पारदर्शिता बनाने रखने के लिए सभी लाभुकों का डेटा डिजिटलाइज हो चुका है। इसके साथ सभी 25,563 जन वितरण प्रणाली में ई- पॉश लगाए गए हैं। रांची, जमशेदपुर और धनबाद जिले के अनुभाजन क्षेत्र के राशन दुकानों में इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन को पायलट बेसिस के तौर पर लगाया गया है और जेएसएफसी केसबी दुकानों में डिजिटल वेटिंग मशीन लगाया गया है, ताकि अनाज के मापतौल में गड़बड़ी नहीं हो।
[URIS id=9499]
श्री राय ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 29 लाख से ज्यादा महिलाओं को मुफ्त में गैस कनेक्शन दिया जा चुका है और अब दूसरे निःशुल्क गैसे दिये जाने की तैयारी की जा रही है। 2016 के अक्टूबर से लागू इस योजना के तहत झारखंड में अबतक 29,15,633 लाभुकों को मुफ्त में गैस कनेक्शन और चूल्हा दिया जा चुका है। इसमें से वर्ष 2018-19 में 16,97, 516 लाभुकों को इस योजना का लाभ मिला है। श्री राय कहा कि राज्य में भोजन के आभाव में किसी की मौत ना हो, इसके लिए सरकार गंभीर है और राज्य के सभी पंचायतों और नगर निकायों के सभी वार्ड के लिए 10- 10 हजार रुपए का आकास्मिक कोष उपलब्ध कराया गया है। सभी जिलों के उपायुक्तों को भी पांच-लाख रुपए का आकास्मिक कोष उपलब्ध कराया गया है। प्रेस मीट में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव डॉ अमिताभ कौशल, खाद्य निदेशक संजय कुमार व सूचना एवं जन संपर्क विभाग के निदेशक रामलखन प्रसाद खास तौर पर मौजूद थे। राय ने कहा कि राशन से जुड़ी शिकायतें और समस्याएं टॉल फ्री नंबर 1967 अथवा 1800-212-5512, मोबाइल नंबर, व्टाट्सएप्प, एसएमएस 8969583111, लैंडलाइन नंबर 0651- 7122723 में दर्ज करा सकते हैं।