जुर्माना बढ़ाना समस्या का समाधान नहीं
रांची: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ रामेश्वर उरांव ने कहा कि भाजपा सरकार की 100 दिनों की सबसे बड़ी उपलब्धि जनविरोधी, मोटर व्हीकल्स एक्ट में संशोधन का तुगलकी कानून है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जुर्माना बढ़ाना किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता है। इसपर फौरन रोक लगायी जाए।
डाॅ उरांव ने कहा कि केन्द्र सरकार प्रचार- प्रसार और विदेश यात्राओं पर खजाना खाली कर चुकी है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण ही आज देश आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रहा है। लोगों के रोजगार छिने जा रहे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ दुर्घटना रोकने व लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनाने के नाम पर मोटर व्हीकल जुर्माना राशि में अप्रत्याशित वृद्धि व वसूली के नाम पर यादोहन करना आम जनता के साथ अन्याय है। ये तो आम जनता को अंग्रेजी हुकुमत की याद दिला रही है। कहा कि कानून में संशोधन के नाम पर इससे सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, राजेश ठाकुर, संजय लाल पासवान, प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद, लाल किशोर नाथ शाहदेव, राजेश गुप्ता मौजूद थे।