रांची: वरिष्ठ वकील जेठमलानी के निधन पर सीएम ने जताया दुःख

रांची: देश के वरिष्ठ अधिवक्ता राम जेठमलानी (95) का निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार थे। जेठमलानी ने इंदिरा गांधी केस के हत्यारों का केस, डॉन हाजी मस्तान व हर्षद मेहता जैसे मशहुर केस लड़े हैं। प्रख्यात अधिवक्ता होने के अलावे जेठमलानी एक कुशल राजनेता भी थे और फिलहाल आरजेडी से राज्यसभा सांसद थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गहरी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि हमने एक एक महत्वपूर्ण शख्सियत को खो दिया।

सीएम ने उनके शोक संतप्त परिवार के लिए ईश्वर से प्रार्थना की, कि उन्हें इस दुःख की घड़ी को सहने की शक्ति मिले। कहा कि उन्होंने न्यायालय और संसद दोनों में समृद्ध योगदान दिया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) अध्यक्ष शिबू सोरेन ने वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राम जेठमलानी के निधन संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि देश ने एक असाधारण न्यायविद व प्रतिष्ठित व्यक्तित्व को खो दिया। राम जेठमलानी के निधन से न्याय जगत को अपूर्णीय क्षति हुई है। दुःख के इस घड़ी में ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनके प्रियजनों को सहनशक्ति प्रदान करें और जेठमलानी की आत्मा को चीर शांति प्राप्त हो।

झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन ने कहा कि राम जेठमलानी हमारे देश के एक वरिष्ठ राजनेता एवं प्रख्यात अधिवक्ता के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन से देश के राजनैतिक क्षेत्र के साथ-साथ बौद्धिक एवं न्यायिक क्षेत्र में भी अपूर्णीय क्षति हुई है। न्यायविद के रूप में उनकी पहचान को यह देश इतिहास के रूप में याद रखेगा। इसके अलावे भी कांग्रेस, राजद, जदयू समेत कई राजनीतिक दलों के नेताओं सहित अधिवक्ताओं ने जेठमलानी के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More