रांची लोकसभा: होगा त्रिकोणीय संघर्ष, चौकाएंगे परिणाम
आलोक कुमार
रांची: सांसद रामटहल चौधरी टिकट न मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने के ऐलान ने भाजपा की परेशानी बढ़ा दी है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार उनका बगावती तेवर चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है। दूसरे मायने में ऐसे समझा जा सकता है, कि ये फैसला न सिर्फ भाजपाई जीत में अंड़गा डाल सकता है, बल्कि कांग्रेस की टिकट पर महागंठबधन के प्रत्याशी बने सुबोधकांत सहाय के सिर पर जीत का सेहरा भी बंध सकता है। य़क्ष प्रश्न यही बना हुआ है कि क्या बीजेपी का बेड़ा पार लगाने वाले रामटहल इस बार बीजेपी का बंटाधार कर देंगे ?
चुनावी जानकारों ने भी हालात को भांपते हुए बीजेपी द्वारा चुनावी तजुर्बा ना रखने वाले संजय सेठ पर खेले गये इस दांव को हितकर नही माना है। रांची लोकसभा के आधार पर संजय सेठ शहरी चेहरा हैं व इनकी पहचान अभी खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष के तौर पर है। महत्वपूर्ण बात ये है कि बीजेपी से पुराने रिश्ते की दुहाई देकर मदद करने और आशीर्वाद मांगने पंहुचे सेठ को रामटहल ने किसी भी प्रकार से मदद देने से साफ इंकार कर दिया। उन्होेंने 16 अप्रैल को रांची सीट से नामांकन करने का ऐलान किया है। लिहाजा संजय सेठ की परेशानी बढ़ चुकी है, क्योंकि इस बात का उन्हें भान है, कि रामटहल उनकी जीत पर को हार में परिणत कर सकते हैं । सेठ तो चौधरी को नही मना पाये, लेकिन विडंबना ये है कि आज भाजपा में ऐसा कोई विश्वामित्र नही, जो इन्हें मना सके, क्योंकि कार्यकर्ताओं से आंखों मिलाने की ताकत किसी नेता में नही।
काफी अंतराल से बीजेपी से जुड़े रहे संजय सेठ का कड़वा सत्य यही है, कि वे चुनावी अनुभव पहली बार ले रहे हैं और अनुभव की उनके भारी कमी है। लोकसभा में कांग्रेस से लड़ रहे सुबोधकांत सहाय व निर्दलीय रामटहल चौधरी न सिर्फ अनुभवी हैं, बल्कि उनके पास सशक्त टीम है। सेठ के लिए यही सर्वाधिक बड़ी कमजोरी साबित हो रही है। सूत्रों के अनुसार उन्हें इस बाबत मनाने का प्रयास भीतरखाने से जारी है। सभी दल नये अंदाज व नई रणनीति के साथ चुनावी तैयारी में लगे हैं।
बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन व कार्यकर्ताओं को गोलबंद करने की कवायद जारी है। गौरतलब हो कि 2014 के आम चुनाव के वोट प्रतिशत के आधार पर तुलना की जाए तो इस बार महागठबंधन का पलड़ा भारी दिख रहा है। इस पर सोने पर सुहागा ये है, कि भाजपा में भीतरघात का खतरा मंडराने से कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत की मजबूती के संकेत मिल रहे हैं। रांची लोकसभा सीट के अंतर्गत 6 विधानसभा सीटें रांची, कांके, हटिया, खिजरी, ईचागढ़ और सिल्ली में से 5 पर भाजपा काबिज है। भाजपा ने अपने सभी विधायकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि आपसी मतभेद को दूर कर एकीकृत तौर पर काम हो। इन्हें पार्टी समर्थित पार्षदों से बूथ मैनेजमेंट में सहयोग लेने का टास्क भी दिया गया है। इन विधायकों के जातीय समीकरण पर भी मंथन हो रहा है।
महागठबंधन प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय की बात करें तो उन्होंने अपनी राजनीति का आगाज जेपी आंदोलन से किया है। प्रारंभिक समय में कांग्रेस को कोसते थे व बाद में फिर इसी से मंत्री भी बने। जनता पार्टी की टिकट पर 1989 में पहली बार सांसद बने। प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के मंत्रिमंडल में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री भी रहे। 1998 में सुबोधकांत कांग्रेस में शामिल हो गए, इससे पहले कुछ दिनों तक झामुमो में भी रहे।
कांग्रेस की टिकट पर ही रांची संसदीय सीट से चुनाव जीतने के बाद मनमोहन सिंह मंत्रिमंडल में मंत्री के तौर पर काम करने का अनुभव लिया। वहीं भाजपा की टिकट पर रामटहल चौधरी चार बार सांसद रहे, लेकिन 2019 में 75 पार का हवाला देते हुए पार्टी ने उनका टिकट काटकर संजय सेठ को यहां से प्रत्याशी घोषित कर दिया। चौधरी इसके खिलाफ बगावत कर र्निदलीय चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने भाजपा को औकात दिखाने तक की बात प्रत्यक्ष तौर पर कर दी है। जाहिर है कि तमाम हालात स्पष्ट कर रहा है, कि झारखंड की राजनीति का चरित्र व चेहरा कैसा है। इसे समझना आसान कार्य नहीं है। इसमें लगातार बदलाव होते रहे हैं।
शायद राज्य के राजनीतिशास्त्र का स्लोगन परिवर्तन के सिवाय कुछ भी स्थाई नहीं होने की बाद स्पष्ट करता है और बदलते सिद्धांतों और टूटते भरोसों का ये दल-बदल ही झारखंड की राजनीतिक तकदीर के तौर पर परिणत हुआ है। रामटहल चौधरी भाजपा की टिकट पर नहीं बल्कि निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं, ऐसे में इस बार रांची लोकसभा सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय होगा व नतीजा भी चौकाने वाले आ सकते हैं। 2014 में 16वीं लोकसभा का चुनाव मोदी लहर के कारण भाजपा के पक्ष में था व इस बार भी कुछ वैसा ही माहौल बनाने का प्रयास है।
खास फैक्टर: महतो वोट
रांची लोकसभा क्षेत्र में कुर्मी वोटर खास मायने रखता है व बगैर इसके आशीर्वाद के जीत मुमकिन नही। रामटहल चैधरी कुर्मी समुदाय के चर्चित चेहरे हैं व इनकी जीत में इसी समुदाय का रोल अहम रहा है। 10 लाख से ज्यादा वोटरों की आबादी वाले रांची लोकसभा में करीब पांच लाख कुर्मी वोटर हैं। इनमें से आधे वोटरों का वोट किसी को मिल जाए, तो जीत व हार का समीकरण बिगड़ सकता है। रामटहल इसमें मास्टर स्ट्रोक मार सकते हैं। अगर रामटहल अपनी रणनीति में कारगर साबित होते हैं, तो बीजेपी की रांह में कांटे बिछेगें व कांग्रेस को इसका सीधा फायदा होगा।
वोट प्रतिशत में भाजपा है मजबूत
विधानसभा चुनाव से लोकसभा का मामला अलग होता है और इसमें स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर प्रत्याशी को परखा जाता है। अगर 2014 लोकसभा की बात करें तो भाजपा से रामटहल चौधरी को 4,48,729 वोट मिले और सुबोधकांत सहाय को 2,49,426 वोट मिले थे। आजसू के सुदेश महतो को 1,42,560 वोट मिले थे। वोट प्रतिशत की बात करें तो रामटहल चौधरी को 27 प्रतिशत, सुबोधकांत सहाय को 15 प्रतिशत व सुदेश महतो को महज 8 प्रतिशत वोट मिले थे, सब कुछ सकारात्मक होने के बावजूद रामटहल फैक्टर इसमें अहम भूमिका निभाएगा,क्योंकि यदि उनका वोट बैंक भाजपा की जीत में सेंध लगा सकता है। रांची लोकसभा में लगभग 16,48,459 मतदाता है, जिसमें 7,79,930 महिला और 8,68,528 पुरुष मतदाता शामिल हैं। 2009 के लोकसभा चुनाव को देखें तो कांग्रेस के सुबोधकांत सहाय को 3,10,499 और रामटहल चौधरी को 2,97,147 वोट मिले थे।