डिप्टी CM बनने से क्यों पीछे हटे निशांत?, नई सरकार के बाद दिया बड़ा संकेत … ‘पिताजी के…’

पटना: बिहार में नई सरकार के गठन से पहले यह चर्चा तेज थी कि मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सरकार बनने के बाद गुरुवार सुबह निशांत कुमार जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कार्यालय पहुंचे, जहां मीडिया ने उनसे उनकी भूमिका को लेकर सवाल किए।
सुबह निशांत जेडीयू दफ्तर पहुंचे
पत्रकारों ने उनसे पूछा कि जब उन्होंने पार्टी की सदस्यता ले ली है और जनता भी उन्हें सक्रिय राजनीति में देखना चाहती है, तो फिर वे उपमुख्यमंत्री बनने से क्यों पीछे हट रहे हैं। इन सवालों पर निशांत कुमार ने कोई स्पष्ट बयान देने से परहेज किया और पहले की तरह संगठन के साथ काम करने और अनुभव हासिल करने की बात दोहराई। उनके इस संयमित रवैये को राजनीतिक हलकों में भविष्य की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।
https://twitter.com/ians_india/status/2044682334390329798?s=20
डिप्टी सीएम बनने की अटकलों पर भी साफ जवाब नहीं
नई सरकार बनने के बाद यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री या कैबिनेट में महत्वपूर्ण पद दिया जा सकता है। लेकिन मीडिया के सवालों पर उन्होंने इस विषय पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी। बताया जा रहा है कि उन्होंने संगठन स्तर पर काम करने और जमीनी राजनीति को समझने पर ज्यादा ध्यान देने की बात कही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह रणनीति भविष्य की राजनीति के लिए तैयारी का संकेत हो सकती है। अक्सर नेता पहले संगठन और जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करते हैं, फिर बड़े पद की ओर बढ़ते हैं।
https://twitter.com/Jduonline/status/2044719138288058473?s=20
बिहार में सत्ता परिवर्तन, नई सरकार ने संभाली कमान
बिहार में हाल ही में बड़ा राजनीतिक बदलाव हुआ है। लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने पद छोड़ दिया, जिसके बाद नई सरकार का गठन किया गया। अब राज्य की कमान भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी के हाथों में है, जो राज्य के नए मुख्यमंत्री बने हैं।
शपथ ग्रहण समारोह से भी दूरी बनाए रखी
बिहार में नई सरकार के गठन के दौरान हुए शपथ ग्रहण समारोह में भी निशांत कुमार की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। बुधवार (15 अप्रैल) को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जहां कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे, वहीं निशांत कुमार शामिल नहीं हुए, हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समारोह में उपस्थित रहे थे।


