कोडरमा: जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले मेहता भवन में आज डोमचांच प्रखंड कांग्रेस की अहम बैठक संपन्न हुई। इस बाबत कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनोज सहाय ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद कोडरमा विधानसभा के 40 प्रतिशत बूथ पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति की जा चुकी है व सितंबर के अंत तक यहां के सभी 352 बूथों पर 10 से 12 सदस्यों के साथ सौ फीसदी उपस्थिति दर्ज करेगी। इस बाबत सर्वसम्मति से तय किया गया कि विभिन्न जनमुद्दों को लेकर 20 सितंबर को सतगावां के प्रखंड कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस बाबत नारायण वर्णवाल व रविशंकर यादव व जिला महासचिव प्रदीप सिंह ने कहा कि कोडरमा की जनता का कांग्रेस के प्रति विश्वास बढ़ा है, जबकि बीजेपी सरकार की गलत नीतियों से जनता पूरी तरह ऊब चुकी है। इसका परिणाम आने वाले चुनाव में देखने को मिलेगा। बैठक की अध्यक्षता लीलावती मेहता ने की। बैठक में सतगावा, मरकच्चो, डोमचांच, झुमरी तिलैया नगर परिषद, डोमचांच नगर पंचायत, कोडरमा नगर पंचायत के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष बेबी सिन्हा, प्रदेश प्रतिनिधि तुलसी मोदी, प्रवक्ता संजय कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष आशीष पांडेय ने प्रखंड वार जनहित में आंदोलन व आमजन को जगाने हेतु पदयात्रा करने का विचार रखा। युवा नेता सईद नसीम, किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनंत मेहता ने भी अपनी बात रखी। नगर अध्यक्ष प्रभात कुमार राम, कोडरमा नगर पंचायत अध्यक्ष राजू सिंह, प्रखंड अध्यक्ष अनिल यादव, विजय सिंह, पंचायत प्रभारी विकास सिन्हा, प्रखंड प्रभारी केदार राणा ने बूथ मतदाता सूची प्राप्त कर बूथ लिस्ट तैयार करने का विश्वास जताया।