भाकपा प्रत्याशी भुवनेश्वर मेहता करेंगे 16 को नामांकन

  • कांग्रेस पर हठधर्मिता का आरोप लगाया
हजारीबाग: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव सह पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता 16 अप्रैल को हजारीबाग लोकसभा सीट से नामांकन करेंगे। इस दिन उनके द्वारा रोड शो भी किया जाएगा। इस रोड शो में पांच हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। साथ ही केशव हाॅल मैदान में वाम मोर्चा की सभा भी आयोजित होगी। इस आशय की जानकारी श्री मेहता ने पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हठधर्मिता के कारण महागठबंधन मजबूत नहीं हो सका है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के दबाव में हैं। यही कारण है कि कांग्रेस हजारीबाग की सीट सीपीआई के लिए नहीं छोड़ रही है। श्री मेहता ने यह भी दावा किया कि 1984 के बाद भाजपा को हराने का काम दो बार भाकपा के भुवनेश्वर मेहता ने ही किया है। इस बीच कांग्रेस कई बार लड़ी, लेकिन कभी जीत नहीं सकी। उन्होंने दावा किया कि इस बार भी वे भाजपा प्रत्याशी को हराने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जनबल (भाकपा कार्यकर्ता) का मुकाबला धनबल (भाजपा व कांग्रेस) के साथ होगा।
पत्रकार वार्ता के पूर्व श्री मेहता ने पार्टी के जिला सचिव कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में वाममोर्चा से जुड़े नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में एक एक गांव व बूथ तक जाने का निर्णय लिया गया। चुनाव को लेकर संचालन समिति बनाई गई। सीपीएम के जिला सचिव गणेश कुमार सिटू के संयोजन में चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया। प्रखंड स्तर पर भी चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया है। बैठक में भाकपा के पूर्व राज्य सचिव केडी सिंह, सीपीएम के गणेश सिटू, लक्ष्मी नारायण सिंह, महेन्द्र राम, इन्द्रमणी देवी, निजाम अंसारी, शंभू कुमार, गुलाम जिलानी, जमील, बालेश्वर मेहता, लखेन्द्र महतो, सुधीर शुक्ला, राम नरेश कुमार, मंजू गौतम, मुख्तार खान, सुखदेव सिंह सहित कई अन्य उपस्थित थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More