साहिबगंज में पंचायत VLEs को मिला डिजिटल प्रशासन का प्रशिक्षण, सेवाओं में आएगी तेजी

साहिबगंज के राजमहल प्रखंड में पंचायत स्तर पर डिजिटल प्रशासन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पंचायत विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर (VLEs) के लिए दो दिवसीय संकुल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. युसुफ ने किया।

साहिबगंज: साहिबगंज पंचायत स्तर पर डिजिटल प्रशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से राजमहल प्रखंड में पंचायत विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर यानी VLEs के लिए संकुल स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. युसुफ ने किया।

 प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. युसुफ ने कहा कि पंचायतों में सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में VLEs की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आग्रह किया कि प्रशिक्षण में मिले तकनीकी ज्ञान का उपयोग पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ करें, ताकि ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं समय पर मिल सकें।

 प्रशिक्षण में VLEs को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल, पंचायत निर्णय ऐप और ग्राम पंचायत डेवलपमेंट प्लान पोर्टल के संचालन की व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने पोर्टलों पर डेटा एंट्री, रिपोर्टिंग, डेटा प्रबंधन और ऑनलाइन कार्य प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। इसके साथ ही आगामी जीपीडीपी के तहत विकास योजनाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि, योजनाओं के चयन की प्रक्रिया, ग्राम सभा के प्रस्तावों का डिजिटलीकरण, पंचायत निर्णय ऐप पर ग्राम सभा की प्रविष्टि और संकल्पों के चयन की चरणबद्ध ट्रेनिंग भी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान VLEs की शंकाओं का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम में प्रभारी डीपीएम अभिजीत कुमार, बीपीएम ब्रह्मा पंडित, मास्टर ट्रेनर कमल किशोर, अनुराग आनंद सहित जिले के विभिन्न पंचायतों के VLEs शामिल हुए। सभी प्रशिक्षकों ने डिजिटल प्लेटफॉर्म के बेहतर उपयोग, योजनाओं के समयबद्ध निष्पादन और पंचायत प्रशासन में तकनीक की बढ़ती भूमिका पर जोर दिया। प्रशासन का मानना है कि इस प्रशिक्षण के बाद पंचायत स्तर पर सेवाओं में तेजी और पारदर्शिता आएगी।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More