मंइयां सम्मान योजना से बदली नीतू देवी की जिंदगी, मिली आत्मनिर्भरता और सम्मान

साहिबगंज: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में चल रही “मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना” झारखंड सहित साहिबगंज जिले की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। योजना के तहत मिल रही नियमित आर्थिक सहायता न सिर्फ घर का खर्च चलाने में मदद कर रही है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वास से भर भी रही है। जिले के जिरवाबाड़ी ग्राम की नीतू देवी इसका जीता-जागता उदाहरण हैं।
3 किस्त मिल चुकी, हुआ घर का खर्च आसान
नीतू देवी ने बताया कि उन्हें योजना की तीन किस्त की राशि सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हो चुकी है। इस पैसे से उन्हें दैनिक जरूरतों को पूरा करने, घरेलू खर्चों का बेहतर प्रबंधन करने और परिवार की अन्य जरूरतों को पूरा करने में काफी मदद मिली है। उन्होंने कहा कि पहले छोटी-छोटी चीजों के लिए भी दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब नियमित मदद मिलने से मैं परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में ज्यादा आत्मविश्वास के साथ हिस्सा ले पा रही हूं।
सिर्फ पैसा नहीं, मिला सम्मान और स्वाभिमान
नीतू देवी का कहना है कि मंइयां सम्मान योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं है। यह महिलाओं को सम्मान, आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान के साथ जीने का अवसर दे रही है। यह राशि हमें छोटी जरूरतों के लिए किसी पर निर्भर होने से मुक्त कर रही है। अब हम परिवार के फैसलों में भी ज्यादा सक्रिय भूमिका निभा पा रही हैं।
महिलाओं की वित्तीय स्थिति हो रही मजबूत
नीतू देवी ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए ऐसी जनकल्याणकारी योजना शुरू की है जिसका लाभ सीधे महिलाओं तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण योजना का लाभ प्रदेशभर की लाखों महिलाओं तक नियमित रूप से पहुंच रहा है। इससे महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ी है और परिवारों की वित्तीय स्थिति भी मजबूत हुई है।
महिलाओं को मुख्य धारा से जोड़ रही सरकार
नीतू देवी ने बताया कि मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना आज प्रदेश की महिलाओं के लिए केवल आर्थिक मदद नहीं रह गई है। यह आत्मनिर्भरता, सम्मान और सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बन गई है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सतत सुधार लाने का काम कर रही है।




