– नक्सली समस्या जड़ से मिटाना लक्ष्य
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि जनहित व विकास कसौटी पर हम प्रखरता के साथ काम रहे हैं व इसी कारण झारखंड आज देशभर में चर्चा का विषय है। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिवेश में नक्सलवाद दम तोड़ रही है व इसे जड़ से उखाड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कहा कि राज्य में कोल उत्पादन क्षेत्रों में पनप रहे सफेदपोश अपराधियों पर कड़ाई से निबटें। मुख्यमंत्री सोमवार को झारखंड मंत्रालय में आहूत पीएसयू के वरिष्ठ अधिकारियों व विभिन्न जिलों के उपायुक्तों को संबोधित कर रहे थे।
[URIS id=9499]
सीएम ने कहा कि सभी उपायुक्त अपने-अपने क्षेत्र में विस्थापितों का को-ऑपरेटिव बनाएं व इन्हें ढुलाई के कार्य से जोड़ें। इससे न सिर्फ स्थानीयों को रोजगार मिलेगा, बल्कि अपराध पर नियंत्रण स्थापित होगा। कोल कंपनियों के अधिकारी इसमे सहयोग करें, ताकि पुलिस-प्रशासन इन क्षेत्रों में हावी रैकेटों की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सकें। सीएम ने कहा कि जनहित सर्वोपरी है व इसी बाबत हमें काम करना है। बैठक में रेलवे, एनएचएआइ, ओएनजीसी, गेल, सीसीएल, बीसीसीएल, इसीएल, एनटीपीसी, एयरपोर्ट अथोरिटी, इन लैंड वाटरवेज अथोरिटी ऑफ इंडिया समेत अन्य कंपनियों द्वारा राज्य में चलायी जा रही परियोजनाओं की समीक्षा की।
बैठक में मुख्य सचिव डीके तिवारी, वन विभाग के अपर मुख्य सचिव इंदुशेखर चतुर्वेदी, जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, डीजीपी के एन चौबे, हेड ऑफ फॉरेस्ट संजय कुमार समेत अन्य विभागों के प्रधान सचिव, सचिव, वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद थे।