रांची में तेज प्रताप को ठहरने के लिए कमरा देने पर कैपिटल रेजिडेंसी के मालिक व मैनेजर पर केस

रांची : राजद नेता व विधायक तेज प्रताप को रांची मे ठहरने के लिए कमरा देने वाले होटल के मालिक व मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज कर ली गयी है. यह मामला लाॅकडाउन नियमों के उल्लंघन के आरोप में दर्ज किया गया है. तेज प्रताप यादव गुरुवार को रांची अपने पिता व राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मिलने पहुंचे थे. इस दौरान रात में वे होटल कैपिटल रेसिडेंसी में ठहरे.
होटल प्रबंधन ने उन्हें कमरा नंबर 507 ठहरने के लिए दिया. अधिकारियों द्वारा मामले की जांच में इसकी पुष्टि हुई जिसके बाद मैनेजर दुष्यंत कुमार व मालिक क खिलाफ केस दर्ज किया गया. यह केस शहर के सीओ प्रकाश कुमार की शिकायत के बाद चुटिया थाने में गुरुवार देर रात दर्ज किया गया.
अधिकारी जब शिकायत मिलने पर जांच के लिए पहुंचे तो उन्होंने वहां रात नौ बजे तेज प्रताप यादव को पाया. इसके बाद अधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज करने की शिकायत दर्ज करायी जिसके आधार पर केस दर्ज किया. इसे कोरोना संक्रमण के दौरान लाॅकडाउन नियमों का उल्लंघन माना गया. राज्य में फिलहाल होटल खोलने की अनुमति नहीं है.
इससे पहले जब तेज प्रताप यादव दिन में रिम्स में पिता से मिलने पहुंचे तो उनके साथ गाड़ियों का काफिला था, जिससे जाम लग गया और हंगामा भी हुआ.
तेज प्रताप यादव राजद के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह पर दिए गए बयानों को लेकर लालू यादव से मिलने पहुंचे थे. लालू रघुवंश प्रसाद सिंह पर दिए गए उनके बयानों से नाराज बताए जाते हैं. इसके लिए उन्होंने तेज प्रताप को फटकार भी लगायी. हालांकि मुलाकात के बाद तेज प्रताप ने कहा कि रघुवंश बाबू उनके चाचा हैं और उनसे उनकी आज भी बात हुई है. तेज प्रताप ने यह भी कहा कि वे पिता का स्वास्थ्य जानने रांची आए हैं. रघुवंश प्रसाद सिंह बाहुबली रमा सिंह के राजद में प्रवेश के विरोधी हैं.




