रांची: राजधानी के बीचो-बीच स्थित अल्बर्ट एक्का चौक के पास शास्त्री मार्केट के न्यू पायल गारमेंट कपड़ा दुकान में सोमवार को एकाएक आग लग गई। आगजनी के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया, लेकिन सूचना के साथ ही फौरन पहुंचे दमकल के पांच वाहनों ने आग पर तत्काल काबू पा लिया।
वहां मौजूद दुकानदारों के अनुसार अग्निशमन टीम की सक्रियता के कारण आज एक बड़ा हादसा टल गया। इस आगजनी में करीबन पाँच लाख के कपड़े जलने की संभावना जतायी गई है। आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी, जब दुकान के संचालक दुकान खोलने के बाद बिक्री शुरू कर रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। गौरतलब है कि शास्त्री मार्केट में 100 से अधिक दुकाने हैं और आगे से बचाव को लेकर यहां कोई भी सुविधा मौजूद नहीं है। ऐसे में सुरक्षा के मानकों की अनदेखी बड़े खतरे को दस्तक दे सकती है।