रांची रेलवे स्टेशन में गंदगी देख भड़के पैसेंजर कमेटी अध्यक्ष, लगाया जुर्माना

रांची: रेलवे बोर्ड पैसेंजर सर्विसेज कमेटी के चेयरमैन रमेश चंद्र रतन सोमवार को रांची रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के क्रम में कई फूड स्टॉल, प्लेटफार्म परिसर, रेल थाना सहित प्रवेश द्वार का निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी का अम्बार देखकर वे भड़क गए। फूड प्लाजा होटल पर जहां उन्होंने 25 हजार का जुर्माना ठोंका, वहीं संवेदक को आड़े हाथों लेते हुए उस पर 50 हजार का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही श्री रतन ने साफ-सफाई रखने का सख्त निर्देश भी दिया।
गौरतलब है कि आज रेलवे बोर्ड पैसेंजर सर्विसेज कमेटी की तीन सदस्यीय टीम यहां पहुंची थी। इस दौरान रेलवे के अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। सदस्यों ने खादय पदार्थ, प्लेटफार्म परिसर के फर्श सहित वहां दी जा रही यात्रियों की सुविधा का पूर्ण जायजा लिया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी सुझाव कमेटी सदस्यों की ओर से दिया गया है। उसे एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाए। इन्होंने किचन में वाटर प्यूरीफायर लगाने का निर्देश भी दिया।




