किसानों की मेहनत पर बारिश की मार

कोडरमा: मरकच्चो प्रखंड में दो दिनों से हो रही जोरदार बारिश से किसान बेहाल हैं और उनके चेहरे पर उदासी व मायूसी छा गई है। बारिश के कारण वे आलू की फसल लगाने से वंचित हो गए हैं। गौरतलब है कि इन्होंने हल चलाकर कड़ी मेहनत करते हुए आलू लायक खेत तैयार किया था।

कई किसानों ने कर्ज लेकर खाद व बिया की खरीदारी की थी। कुछ किसानों ने आलू की फसल लगा भी दी थी, लेकिन एकाएक मौसम की करवट और बारिश की मार ने इनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। खास बात ये है कि इस अनायास बारिश के कारण धान की फसल भी बर्बाद होने के कगार पर हैं। लिहाजा किसानों के खिले चेहरे मुरझा गए हैं। किसान नरेश सिंह, आजाद शेख, सुरेश सिंह, राजू यादव आदि किसानो ने बताया कि कई वर्षो के बाद इस वर्ष धान की उपज अच्छी हुई हैं।

इन्होंने कहा कि हम किसानों ने सोच रखा था, कि धान रोपनी के समय लिया गया महाजन से कर्ज इस बार हम धान बेच कर चुकता कर देंगे, लेकिन दो दिनी बारिश यदि नहीं थमी तो हमारा धान बर्बाद हो जाएगा। बारिश का असर दीपावली पूजन पर भी पड़ रहा है। दूकानदारों ने कहा कि बारिश के कारण बाजार खाली- खाली नजर आ रहा है। बाजार में मिट्टी का दीया, मोमबत्ती, छुरछुरी पटाखे के साथ- साथ रंग बिरंगी दीया- बाती मन लुभा रही है। लेकिन झमाझम बारिश ने खुशी को फीका कर दिया है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More