चौक-चौराहों पर पुलिस द्वारा चेक पोस्ट बनाये जायेंगे: पुलिस अधीक्षक

देवघर: वर्ष 2006 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के पदाधिकारी नरेन्द्र कुमार सिंह द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में देवघर पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण किया गया। इससे पहले नरेन्द्र कुमार सिंह पुलिस अधीक्षक के रूप में चतरा, गुमला, चाईबासा एवं पलामू में भी अपना सेवा दे चुके हैं। साथ हीं जैप-01 और सी0आई0डी0 में भी इनके द्वारा कार्य किया गया है। इस दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में कुछ समस्याएँ हैं, जिनका निदान जल्द से जल्द किया जायेगा। जिले में अपराध नियंत्रण एवं मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था कोे प्रमुखता से लेते हुए आने वाले दिनों में शहर के चौक – चौराहों पर पुलिस द्वारा चेक पोस्ट भी बनाये जायेंगे। साथ ही गश्ती दलों को और भी चुस्त-दुरूस्त बनाने व पूरे शहर में रात्रि के समय गश्ती कर विशेष ध्यान दिये जाने की बात भी कही गयी। वहीं जिला में साईबर क्राईम, बरगलरी, बैंक डकैती आदि पर अंकुश लगाने की बात करते हुए उनके द्वारा कहा गया कि उनका यह प्रयास होगा कि शहर में भयमुक्त व अपराधमुक्त वातावरण रहे। यदि शहरवासियों को किसी प्रकार की समस्या होती है तो वे बेशक पुलिस के पास आकर अपनी परेशानियों को रखें, ताकि पुलिस एवं जनता के बीच दूरियाँ कम हो और सुरक्षा तंत्र को मजबूती मिल सकें। ऐसे में यदि किसी की बात पुलिस अधिकारियों द्वारा नहीं सुनी जाती है, तो उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। वे सीधे पुलिस अधीक्षक के पास आकर बेहिचक अपनी बात रख सकते हैं।



