पाकिस्तान पर भारत का करारा प्रहार! स्मृति की तूफानी फिफ्टी, दीप्ति के पंजे में फंसी पूरी टीम

बर्मिंघम। महिला टी-20 विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान पर शानदार जीत दर्ज करते हुए मुकाबला 64 रन से अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शैफाली वर्मा 5 गेंदों पर 6 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 68 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों में 36 रन का योगदान दिया, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने केवल 17 गेंदों में 34 रन की तेज पारी खेली। दीप्ति शर्मा 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 170 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल और फातिमा सना ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि तस्मिया रुबाब और रमीन शमीम को एक-एक सफलता मिली।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम दबाव में नजर आई। मुनीबा अली ने सबसे अधिक 41 रन बनाए, जबकि आलिया रियाज ने 18 रन का योगदान दिया। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारतीय गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में केवल 10 रन देकर 5 विकेट झटके और मैच की सबसे बड़ी नायिका साबित हुईं। उनके अलावा श्री चरणी ने तीन और शैफाली वर्मा एक विकेट मिला।
भारत की इस जीत में स्मृति मंधाना की आक्रामक बल्लेबाजी और दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाजी निर्णायक साबित हुई। 64 रन की इस बड़ी जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में दमदार शुरुआत करते हुए अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं।


