कानून का डर तो होना ही चाहिए: नितिन गडकरी

बढ़े चालान पर केंद्रीय मंत्री के बोल
नई दिल्ली: केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि मोटर व्हीकल संशोधन कानून को 20 राज्यों के परिवहन मंत्रियों की समिति जिसमें 7 अलग- अलग राजनीतिक पार्टियों की सरकारें थी, की सिफारिशों के आधार पर ही इसे तैयार कर लागू किया गया है। इस बाबत संयुक्त समिति व स्थाई समिति से भी सुझाव लिये गये थे, फिर संसद में पारित किया गया। गडकरी ने कहा कि देश मे 5 लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें डेढ़ लाख मौतें हो जाती हैं। 18 से 35 आयु के 60 फीसदी युवाओं की मौत हो जाती है, क्या इनकी जान नहीं बचानी चाहिए ?
गडकरी ने कहा कि कानून के प्रति सम्मान और डर नहीं हो ये अच्छी बात नही है। सरकार की ऐसी मंशा नहीं है कि ज्यादा जुर्माना लगाया जाए, लेकिन लोग ऐसी स्थिति आने ही नहीं दें कि जुर्माना लगे। एक सितंबर से लागू नये मोटर व्हीकल एक्ट को लेकर कई लोग सरकार पर सवालिया निशान भी खड़ा कर रहे हैं, कि ट्रैफिक नियमों को तोड़ने पर भारी जुर्माने का प्रावधान किया गया है। बीतें दिनों काटे गये हैवी चालान देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। भुवनेश्वर में कथित रूप से नशे में धुत एक ऑटोरिक्शा ड्राइवर पर ट्रैफिक पुलिस ने 47,500 रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया है। ऑटोरिक्शा ड्राइवर के पास वैध परमिट, लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन समेत तमाम जरूरी कागजात नहीं थे। न्यूज एंजेंसी पीटीआई के मुताबिक ट्रैफिक पुलिस कर्मियों और आरटीओ के कर्मचारियों ने रिक्शा ड्राइवर को शहर के आचार्य विहार चौक पर रोका और दस्तावेज दिखाने को कहा। जरूरी दस्तावेज न दिखाने पर उसपर 47,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

नितिन गडकरी ने कहा कि अगर ट्रैफिक नियमों का पालन ना करने से कोई एक्सिडेंट होता है तो फिर उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा ? कहा कि इस तरह जुर्माने की राशि बढ़ाने की सरकार की इच्छा नहीं थी। अहम बात ये है कि एक समय ऐसा आना चाहिए जहां पर इस तरह कोई जुर्माना ही ना हो और हर कोई नियमों का पालन करे। गौरतलब है कि केंद्र द्वारा लागू मोटर व्हीकल एक्ट का विरोध भी हो रहा है, ट्रांसपोर्ट यूनियन, टैक्सी यूनियन समेत कई अन्य संगठनों ने इसके खिलाफ आवाज उठाने की बात कही है। नए एक्ट के खिलाफ 9 सितंबर को राजधानी में चक्का जाम करने का भी आह्वान किया गया है, हालांकि, अभी तक सरकार के द्वारा इस कानून पर पीछे हटने की बात सामने नहीं आई है। मालूम हो कि केंद्र द्वारा लागू नए मोटर व्हीकल एक्ट में हुए संशोधन के बाद अब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर 10 गुना तक अधिक जुर्माना भरना पड़ेगा। सिर्फ राजस्थान और बंगाल को छोड़कर पूरे भारत में मोटर व्हीकल संशोधन कानून लागू हो गया है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More