मधुपुर की बेटी मंतशा इरफान ने रचा इतिहास, ICSE 10वीं में 90.1% अंक लाकर बढ़ाया क्षेत्र का मान
-1024x614.jpeg)
देवघर: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की सुपुत्री मंतशा इरफान ने ICSE 10वीं की परीक्षा में 90.1% अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे मधुपुर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। इस शानदार सफलता से पूरे मधुपुर में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है।
यह उपलब्धि केवल एक छात्रा की मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि उस संस्कार, मार्गदर्शन और समर्पण का प्रतीक है, जो परिवार से मिलता है। मंतशा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी को देते हुए कहा कि उनके निरंतर मार्गदर्शन, अनुशासन और प्रेरणा ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया।
मंतशा इरफान ने अपने भविष्य को लेकर स्पष्ट दृष्टिकोण रखते हुए कहा कि उनकी इच्छा एक सफल डॉक्टर बनने की है, ताकि वे समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा कर सकें और स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान दे सकें।
उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए एक मजबूत संदेश भी दिया—
“बेटियां किसी से कम नहीं होतीं, उन्हें भी समान अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए ताकि वे समाज में आगे बढ़कर अपनी पहचान बना सकें।”
इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने मंतशा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
मंतशा की यह सफलता न केवल एक परिवार की खुशी है, बल्कि पूरे समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।




