बर्फ फैक्ट्री में सिलेंडर फटने से गैस रिसाव, मोहल्ले को कराना पड़ा खाली

हजारीबाग: जिले के मल्लाह टोली में बर्फ फैक्ट्री में नाइट्रोजन सिलेंडर फटने से लोगों का दम घुटने लगा। यह घटना गुरुवार की रात को घटी। इस घटना के बाद लोग अपने घरों को छोड़ सड़कों पर आ गये। वहीं, गैस के चपेट में आने से पंद्रह बच्चे बेहोश हो गये। अबतक कुल 22 लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसमें से एक महिला की मौत इलाज के दौरान ही हो गयी। वहीं, तीन लोगों के स्थिति गंभीर होने पर निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में रात को दो विस्फोट हुई, जिसमें से पहला विस्फोट रात के 9:40 बजे और दूसरा 10:55 बजे हुआ। जिला-प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोगों को घरों से निकालना शुरू किया। जिसके बाद बेहोश बच्चों सहित 22 लोगों को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हालाँकि, देर रात तक दमकल भी गैस पर काबू नहीं कर सकी थी। इस बचाव कार्य में लगे एसडीपीओ कमल किशोर और सदर थाना प्रभारी नीरज सिंह गैस की चपेट में आ गये। उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फैक्ट्री में विस्फोट होने के कारण गैस एक किलोमीटर के दायरे में फ़ैल गयी। डीसी डॉ भुवनेश प्रताप ने पूरे मोहल्ले को खाली कराने का निर्देश दिया। साथ ही मोहल्ले के लोगों के लोगों के लिए कर्जन ग्राउंड में कैंप की व्यवस्था की गयी है। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार करने का आदेश जारी कर दिया।




