रांची: लोक सभा निर्वाचन 2019 के लिए नियुक्त माइक्रो आब्जर्वर और सेक्टर मजिस्ट्रेटों का चुनाव से संबधित प्रशिक्षण दिया गया। रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में सभी माइक्रो आब्जर्बर एवं मजिस्ट्रेटों प्रशिक्षित किया गया। इसमे प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 600 माइक्रो आब्जर्वर एवं 500 सेक्टर मजिस्ट्रेट शामिल हुए। सभी को मतदान प्रक्रिया, सेक्टर पदाधिकारियों के दायित्व एवं ईवीएम, वीवीपैट से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान सभी को प्रतिवेदन समर्पित करने हेतु चेक लिस्ट भी उपलब्ध कराया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सामान्य प्रेक्षक हरजिंदर सिंह, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची राय महिमापत रे, वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता, वरीय प्रभारी पदाधिकारी अवधेश पांडेय, कार्मिक कोषांग की वरीय प्रभारी पदाधिकारी नीरज कुमारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।