जनता दरबार में सुनी गईं जनसमस्याएं, कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान, जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

देवघर: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीतिलता किस्कू की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य शिकायतों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनता दरबार के दौरान लोगों ने बिजली बिल माफी, झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, भू-राजस्व, पेंशन, आवास, अंचल तथा कृषि से जुड़े मामलों सहित कई समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। प्राप्त आवेदनों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों ने कई मामलों का ऑन द स्पॉट निस्तारण किया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली।
इसके अलावा विभिन्न विभागों से संबंधित कई शिकायतें आवेदन के रूप में प्राप्त हुईं। इन मामलों पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की भौतिक जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण करें। जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को प्रशासन तक सीधे पहुंचाना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का लाभ उठाएं, ताकि उनकी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।




