कबूतरखोपी सूर्य देव घाट पर मनाया गया 12वां विश्व योग दिवस, युवाओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प

साहिबगंज के कबूतरखोपी स्थित सूर्य देव घाट पर 'मेरा युवा भारत' द्वारा 12वें विश्व योग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक धर्मराज मंडल ने युवाओं को पद्मासन, वज्रासन, भुजंगासन, ताड़ासन, सूर्य नमस्कार और शवासन सहित कई योगासन कराए तथा उनके स्वास्थ्य लाभ बताए।

साहिबगंज: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन ‘मेरा युवा भारत’ साहिबगंज द्वारा सूर्य देव घाट, कबूतरखोपी में 12वें विश्व योग दिवस का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘Yoga for Healthy Again’ पर जोर देते हुए युवाओं को योग के प्रति जागरूक किया गया।  

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक धर्मराज मंडल ने उपस्थित युवा क्लब के सदस्यों को विभिन्न योगासन कराया।उन्होंने पद्मासन, वज्रासन, भुजंगासन, ताड़ासन, सूर्य नमस्कार, शवासन समेत बैठकर, लेटकर और खड़े होकर किए जाने वाले कई आसनों का अभ्यास कराया। साथ ही हर आसन के स्वास्थ्य लाभ के बारे में भी बताया।
        मेरा युवा भारत के सदस्य चंदन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति का अहम हिस्सा है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, खान-पान और रहन-सहन में बदलाव के कारण ब्लड प्रेशर, शुगर, मोटापा, माइग्रेन जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं। ऐसे में योग से शारीरिक तंदुरुस्ती के साथ मानसिक शांति भी मिलती है और रोगों से लड़ने की ताकत बढ़ती है।  

संस्था के शिक्षक रविकांत तांती ने युवाओं को नशा मुक्ति अभियान की जानकारी दी और शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि नशा छोड़ने से शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य सुधरता है, पैसे की बचत होती है और सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ती है। नशा मुक्ति शपथ से समाज में जागरूकता बढ़ती है और नशा मुक्त समाज के निर्माण में मदद मिलती है।   

कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के चंदन कुमार, राहुल कुमार यादव, अजय कुमार मंडल के अलावा शिवानी, राहुल, छोटू, नीतीश, क्रांति, राकेश, आशीष, प्रिया, लालू, काजल, रघु, माही, ममता, सुदेश, राजू, पिंकी, राखी सहित सैकड़ों बच्चे मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More