BSL के चर्चित डीजीएम कर्नल शेखावत का छलका दर्द, बोले- नियम मानते तो बच जाती बेटी

बोकारो के कोऑपरेटिव कॉलोनी स्थित फ्लावर गार्डन स्कूल में दिवंगत दीया शेखावत की 23वीं जयंती पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीएसएल प्लांट के चर्चित डीजीएम कर्नल आरएस शेखावत ने अपनी बेटी की सड़क दुर्घटना में हुई मौत का दर्द साझा करते हुए बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।

निर्मल महाराज

बोकारो: बोकारो जिले में दिवंगत दीया शेखावत की 23वीं जयंती के अवसर पर कोऑपरेटिव कॉलोनी स्थित फ्लावर गार्डन स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित लोगों द्वारा दो मिनट का मौन धारण कर दीया शेखावत को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीएसएल प्लांट के सुरक्षा विभाग के चर्चित डीजीएम कर्नल आर.एस. शेखावत उपस्थित रहे। इस अवसर पर फ्लावर गार्डन स्कूल की प्रिंसिपल ललिता कुमारी, जूम कम्युनिकेशंस के डायरेक्टर अरशद अली, समाजसेवी शेर मोहम्मद अंसारी, इमदाद अंसारी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे। स्कूल के विद्यार्थियों ने कर्नल शेखावत का गुलाब देकर भव्य स्वागत किया। वहीं, प्रिंसिपल ललिता कुमारी ने उन्हें आम का पौधा भेंट किया।

कर्नल शेखावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपनी 16 वर्षीय पुत्री दीया शेखावत की सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मृत्यु का दर्द साझा किया। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि ड्राइवर की लापरवाही और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण उनकी बेटी को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसा दर्द न झेलना पड़े।

उन्होंने विद्यार्थियों से व्यक्तिगत संवाद करते हुए उनके सपनों और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली तथा उन्हें मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्कूल की शिक्षा व्यवस्था के लिए 2100 रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण बोकारो जिले में हर महीने सड़क हादसे हो रहे हैं और लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। इसी को देखते हुए जागरूकता अभियान को जून माह तक और व्यापक स्तर पर चलाने की योजना बनाई गई है।

इस अवसर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता को और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श भी किया गया। आंदोलनकारी नेता सह चंदाहा पंचायत मुखिया प्रतिनिधि जीतून अंसारी, समाजसेवी मुजफ्फर हुसैन अंसारी, उमेश कुमार महतो सहित अन्य स्थानीय लोगों को इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

चंदाहा मुखिया शबनम खातून और मजदूर नेता जीतून अंसारी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए बेहद सार्थक बताया। देवघर से उर्मिला कुमारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि ‘मिशन दीया ज्योति’ का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा दीया शेखावत की स्मृति को सड़क सुरक्षा आंदोलन से जोड़ना है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More