बिहार की राजनीति में पोस्टर वार, कांग्रेस ने आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा-जदयू पर किया अटैक

पटना : इस वर्ष के आखिरी महीनों में बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाला है और चुनावी जीत हासिल करने के लिए मुख्य विपक्ष राजद और सत्ताधारी जदयू में घमसान जारी है.
राजद और जदयू के बीच राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप होता ही रहता है, लेकिन बिहार की राजनीति में पोस्टरबाजी का दौर भी चल पड़ा है जो थमने का नाम ही नहीं ले रहा है.
पोस्टर वार में अब कांग्रेस भी उतर गयी है. राजधानी पटना के इनकम टैक्स के पास कांग्रेस ने एक पोस्टर चिपकाया है जिसमें बहुत ज्यादा शब्दों की भरमार नहीं है और न ही सरकार से शिकायतें क गयी है लेकिन इस पोस्टर के माध्यम से तीखा तंज कसा गया है और लोभ-लोलुपता के लिए राज्य और देश को खोखला बनाये जाने को लेकर कांग्रेस ने तंज कसा है.
जारी किये गये पोस्टर में कांग्रेस ने स्लोगन लिखा है कि जब-जब भाजपा संग नीतीश कुमार तब-तब साजिश अपार. इसके अलावा बीच पोस्टर पर लिखा है साजिश पार्ट – 3: आरक्षण ख़त्म!!! मालूम हो कि इन दिनों प्रमोशन में आरक्षण का मामला चरम पर है, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने बाध्यकारी बनाने से इनकार कर दिया.
गौरतलब है कि पिछले वर्षों से राजद और जदयू के बीच जमकर पोस्टरबाजी हो रही है. एक का पोस्टर आते ही दूसरे का करारा पोस्टर जारी हो जाता है. एक से एक स्लोगन और एक-दूसरे के खिलाफ में दर्शाया हुआ फोटो जनता के बीच राजनीतिक चर्चा और कौतुहल का विषय बना है
कांग्रेस के जारी किये गये इस पोस्टर का क्या प्रतिक्रिया होती है, यह देखना दिलचस्प होगा. बहरहाल, इतना तय है कि पोस्टर जंग अभी थमने वाली नहीं है.




