भाजपा ने बिहार चुनाव 2025 के लिए जारी की तीसरी और अंतिम उम्मीदवार सूची

भारतीय जनता पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने उम्मीदवारों की तीसरी और अंतिम सूची जारी की, जिसमें 18 नाम शामिल हैं। इसके साथ ही भाजपा ने सभी 101 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा पूरी कर दी है, जिनमें 12 महिलाएं शामिल हैं। प्रमुख उम्मीदवारों में राघोपुर से सतीश यादव, रामनगर से नंद किशोर राम और बक्सर से पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा शामिल हैं।

नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार देर रात अपने उम्मीदवारों की तीसरी और अंतिम सूची जारी कर दी। इसमें 18 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इसी के साथ भाजपा ने अपनी सभी 101 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। इसमें 12 महिलाएं शामिल हैं।

बुधवार देर रात भारतीय जनता पार्टी के महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी सूची के मुताबिक केन्द्रीय चुनाव समिति ने बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव 2025 के लिए 18 नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। राघोपुर से राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव के सामने सतीश यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। सूची के मुताबिक रामनगर से नंद किशोर राम, नरकटियागंज से संजय पांडेय, बगहा से राम सिंह, लौरिया से विनय बिहारी, हरिसिद्धि से कृष्णनंदन पासवान, कल्याणपुर से सचिंद्र प्रसाद सिंह के नाम शामिल है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची में 71, दूसरी लिस्ट में 12 और तीसरी लिस्ट में 18 उम्मीदवारों की घोषणा की। आज दोपहर को जारी दूसरी सूची में भाजपा ने मैथिली ठाकुर को अलीनगर से मैदान में उतारा। इसके साथ भाजपा ने पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा को बक्सर से टिकट दिया है। वे पहले प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से जुड़े थे।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More