हर हाल में होगा समस्याओं का निपटारा: अरूण

रांची: नालसा के निर्देशानुसार झालसा के सहयोग से डीएलएसए रांची और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन द्वारा आयोजित व्यापक जागरूकता कार्यक्रम में 1700 से ज्यादा ग्रामीणों ने की शिकायतें, दिये आवेदन। झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के सदस्य सचिव अरूण कुमार राय ने कहा है कि नालसा के निदेर्शानुसार, ग्रामीणों की न्यायोचित मांगें हर हाल में पूरी होगी। उनकी समस्याओं का निपटारा किया जायेगा। श्री राय ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) और झारखण्ड उच्च न्यायालय आम लोगों की समस्याओं तथा लंबित मुकदमों के निष्पादन के प्रति काफी गंभीर है। राजधानी के कांके प्रखण्ड के उरूगुटू बाजार टांड में नालसा के निदेर्शानुसार आयोजित विधिक सेवा आपके द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों की भारी भीड़ को संबोधित करते हुए श्री राय ने कहा कि उन सभी प्राप्त आवेदनों के निष्पादन पर स्वयं नजर रखेंगे। झालसा के सहयोग से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) रांची और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में 1700 से अधिक ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें उच्च न्यायिक अधिकारियों के सामने रखी। लिखित रूप में अपने आवेदन दिये। समारोह में बोलते हुए झारखण्ड उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के सचिव संतोष कुमार ने कहा कि नालसा की योजना के अनुसार विधिक सेवा आपके द्वार को भरपूर सफलता तभी मिल सकती है, जब आम लोग अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बने।
अपने संबोधन में अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि अपने आवेदन देने के समय लोग पूरी तरह सचेत रहे। वह बिना कोई शुल्क दिये केवल संगठन के अधिकृत पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विधिक सेवक को ही अपना आवेदन सौंपे। जिसमें तथ्यों, दस्तावेजों आदि की पूरी जानकारी हो। समारोह में रांची के मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी कुमार विपुल ने कहा कि अपने अधिकारों के प्रति लोगों की जागरूकता प्रशंसनीय है। अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार ने कहा कि, कानून को लोग अपने हाथ में न लें बल्कि कानून की सहायता लें। साथ ही यदि थाना स्तर पर उनकी बातें न सुनी जाये तो वे उच्च पुलिस अधिकारी से संपर्क करें। समारोह में डीएलएसए राँची के पैनल अधिवक्ता कीर्तिनारायण सिंह, नित्यानंद सिंह, संजय शर्मा, पीएलवी विक्की चौधरी के साथ ही रतिलाल महली, रामदेव सिंह, चितरंजन कुमार सिंह, मनोज सांगा, लाला महली, नासिर, शाहीन, मदन कुमार महतो, सूरज प्रकाश यादव, अजीत नाथ दास, अवधेश नाथ शाहदेव, तरूण गिरी, टिकेश्वर कुमार, अरविन्द महतो ने ग्रामीणों से उनका आवेदन प्राप्त किया और उनकी जिज्ञासा शांत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उच्च न्यायिक अधिकारियों के समक्ष विशेष रूप से उरूुगुटू की सबीना खातुन, मालश्रृंग की परमेश्वरी देवी, कांके की धनेश्वरी उराँव आदि ने अपनी समस्याओं को रखा और अपने आवेदन सौंपे।




