कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों का सहारा बने जन-प्रतिनिधि, वार्ड-33 में कंबल वितरण

पलामू : जिले में बढ़ती कनकनी और शीतलहर को देखते हुए समाजसेवियों और जन-प्रतिनिधियों ने मानवता की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। इसी क्रम में मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 33 (सेमरटांड कल्याणपुर) में गरीब, लाचार, बुजुर्ग और दिव्यांगों के बीच कंबल का वितरण किया गया।
संयुक्त रूप से हुआ वितरण
शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि भोला पांडेय, विधायक प्रतिनिधि मनोहर कुमार लाली गुप्ता, नगर निगम के तहसीलदार पवन मेहता और समाजसेवी संदीप दास ने संयुक्त रूप से जरूरतमंदों को कंबल ओढ़ाए। ठंड से कांपते बुजुर्गों और असहायों के चेहरे पर कंबल पाकर राहत की मुस्कान दिखी।
जन-प्रतिनिधियों ने जताया संकल्प
मौके पर सांसद प्रतिनिधि भोला पांडेय ने कहा कि वर्तमान में ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया है। इसे देखते हुए नगर निगम के सभी वार्डों में प्रशासन और प्रतिनिधियों के सहयोग से कंबल वितरण का कार्य किया जा रहा है ताकि कोई भी अभाव में न रहे। उन्होंने निगम के इस प्रयास को सराहनीय बताया।
वहीं, विधायक प्रतिनिधि मनोहर कुमार लाली ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकार द्वारा मिलने वाली जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत गरीब जनता तक पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुँचाने का प्रयास जारी रहेगा।
ये रहे उपस्थित
कंबल वितरण समारोह में मुख्य रूप से छतरपुर विधानसभा क्षेत्र की पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व पार्षद चंचल देवी, विजय चंद्रवंशी, आकाश चंद्रवंशी, ननक चौधरी, रामकुमार भुइयां, मुस्तकीम अंसारी सहित कई स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।




