गुमला: तीन दिन की बच्ची को 10 हजार में बेचा, इलाज के लिए नहीं थे पैसे

गुमला/रांची: गरीबी क्या नहीं करवा देती है। इलाज के लिए पैसे का जुगाड़ नहीं होने के कारण एक गरीब दंपती को उसके तीन दिन की दुंधमुही बच्ची को महज 10 हजार में बेचना पड़ा। सुनने से ही देह का रोंआ सिहर जाता है, लेकिन यह प्रदेश की कड़वी सच्चाई है। आलम ये कि इसके बावजूद बच्ची की मां की जान नहीं बच सकी।
बच्ची के पिता भी गंभीर रूप से बीमार हैं। इस बच्ची को बेचने वाले उसके माता-पिता का नाम है चरवा उरांव (45) और झिबेल तिर्की हैं। झिबेल की मौत के बाद उसका अंतिम संस्कार चंदा लेकर किया गया। यह पीड़ादायी वारदात झारखंड के गुमला शहर से महज दो किलोमीटर दूर पुग्गू पंचायत के चंपानगर गांव की है। चरवा के परिजनों के मुताबिक उसका बेटा चरवा विगत एक सप्ताह से बीमार है और बहू झिबेल गर्भवती थी। 22 अगस्त को घर में ही एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत मरनासन्न हो गई।
अस्पताल में इलाज तो कराया, लेकिन घर में फूटी कौड़ी नहीं थी। राशन कार्ड भी नहीं था, जिसके कारण गोल्डन कार्ड बनाना संभव नहीं था। आखिरकार मजबूरन घर में नवजात बच्ची को 10 हजार में बेचने का फैसला लिया गया। 23 अगस्त को बच्ची को बेच दिया गया और 26 अगस्त को उसके मां की मौत हो गई। आलम ये है कि चरवा की बूढ़ी मां को पेंशन तक नहीं मिलती। चरवा रिक्शा चलाकर जीवन बसर करता है। दोंनों के पहले से सात बच्चे हैं। इनमें चार लड़की व तीन लड़का है। गांव के मुखिया को भी इस बात का अफसोस है, कि वे उस दंपति के लिए कुछ नहीं कर सके।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More