लाठीचार्ज के खिलाफ सोशल मीडिया पर फूटा आक्रोश, नंबर 1 पर ट्रेंड हुआ #HitlerHemant

रांची में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में एक्स पर #HitlerHemant ट्रेंड हुआ। भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने हेमंत सोरेन सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क से सदन तक लड़ाई जारी रहेगी।

रांची: झारखंड में छात्रों पर झामुमो-कांग्रेस सरकार द्वारा की गई बर्बरतापूर्ण कार्रवाई का असर सोशल मीडिया पर देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर #HitlerHemant हैशटैग नंबर-1 पर ट्रेंड करता नजर आया है। झारखंड के छात्रों के साथ हुए अन्याय का आक्रोश पूरे देश में देखने को मिल रहा है। 

इस संबंध में भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि एक्स पर नंबर-1 पर ट्रेंड कर रहा #HitlerHemant केवल  एक हैशटैग भर नहीं है बल्कि यह झारखंड सरकार द्वारा छात्रों पर की गई क्रूरता एवं बर्बरता का प्रतीक है। यह मेहरबानी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा अपने जन्मदिन जैसे खास अवसर पर छात्रों के साथ किए गए हिटलरशाही रवैए और राहुल गांधी के इस संदर्भ में किए गए ट्वीट की है। 

दिखावट के लिए राहुल गांधी ने छात्रों पर लाठीचार्ज को गलत बताया तो राज्य सरकार ने उनके ट्वीट के बाद फिर तीन बार छात्रों पर अंधेरे का फायदा उठाकर लाठीचार्ज किया। 10 अगस्त की यह तारीख झारखंड कभी नहीं भूलेगा और इतिहास हेमंत सरकार की इस बर्बरता को कभी माफ नहीं करेगा। छात्रों के आंसुओं और अत्याचार का हिसाब हेमंत सोरेन और राहुल गांधी को देना होगा। 

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि यह सरकार अब जनभावनाओं से नहीं, दमन और तानाशाही से शासन करना चाहती है। अपने हक और अधिकार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे झारखंडी छात्रों पर पुलिसिया बर्बरता और लाठीचार्ज कर झारखंड को कलंकित किया गया है। हेमंत सोरेन सरकार की दमनकारी नीतियों और छात्रों की आवाज़ दबाने के इस शर्मनाक प्रयास का भाजपा पुरजोर विरोध करती है। 

सरकार को याद रखनी चाहिए कि लाठियों से आवाज़ दबाई जा सकती है, लेकिन युवाओं के हक की लड़ाई नहीं। यह लड़ाई किसी एक छात्र की नहीं, झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और अधिकार की लड़ाई है। यह लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी। झारखंड सरकार को युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का हिसाब देना होगा। इन आंसुओं और इस अत्याचार का हिसाब देना होगा

बाउरी ने पूछा कि क्या झारखंड में अघोषित आपातकाल लागू है? 10 अगस्त की सुबह 10:30 बजे से आदित्य साहू, बाबूलाल मरांडी सहित अन्य वरीय नेताओं एवं विधायकों को खेलगांव परिसर में ताला लगाकर 11 घंटे रोक कर रखा गया। भाजपा नेताओं का कसूर सिर्फ इतना था कि इन्होंने छात्रों के हक में आवाज उठाई। 

बाउरी ने कहा कि झामुमो कांग्रेस सरकार ने शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे झारखंड के छात्रों के आंदोलन को अपनी दमनकारी नीतियों से कलंकित करने का प्रयास किया है। इसकी कीमत इन्हें चुकानी ही होगी। यह आंदोलन लक्ष्य तक पहुंच कर ही रुकेगा।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More