पैक्स-लैंपस में लंबित मामलों का भुगतान जल्द करें उपायुक्त: वर्णवाल

– झारभूमि की वेबसाइट पर जमीन ब्योरों की त्रुटियों को दूर करें
रांची: मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील वर्णवाल ने राज्यभर के उपायुक्तों को बहुद्देश्यीय व कृषि सहकारी समितियों ( लैंपस व पैक्स ) में जमाकर्ताओं के लंबित भुगतान के मामलों की समीक्षा कर उसे प्राथमिकता के आधार पर निबटाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों के प्रति जमाकर्ताओं के विश्वास को बढ़ाने हेतु ये जरुरी है, कि भुगतान तय अवधि में हो। वे मंगलवार को जनसंवाद केंद्र में साप्ताहिक समीक्षा कर रहे थे। उक्त निर्देश जामताड़ा के फतेहपुर लैंपस में रेकरिंग अकाउंट में राशि जमा कराने वाले अनूप कुमार मेहरिया को परिपक्वता राशि (मैच्योरिटी मनी) का भुगतान नहीं किये जाने की शिकायत के बाबत दिये गये।
जमीन विवरण दुरुस्त करें
देवघर जिले के रामेश्वर मोदी द्वारा झारखंड सरकार की वेबसाइट झारभूमि पर जमीन की ऑनलाइन प्रविष्टि की एक त्रुटि को 2 साल के बावजूद ठीक नहीं किये जाने के मामले को डाॅ वर्णवाल ने गंभीरता से लेते हुए देवघर के सदर अंचलाधिकारी को शो-कॉज करने का आदेश दिया। उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिया कि वे झारभूमि की वेबसाइट पर जमीन के विवरण की त्रुटियों की समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर ठीक करें।
आवंटन देने का निर्देश
बोकारो के निर्मल चंद्र सेन की पिंडराजोरा स्थित जमीन वर्ष 2007 राजमार्ग-32 के लिए अधिग्रहित की गयी थी, जिसके एवज में उन्हें अब तक मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया है। इस बाबत डाॅ वर्णवाल ने जिला के नोडल अधिकारी को जमीन के कागजातों की जांच कर एक सप्ताह में मामले को निष्पादित करने का निर्देश दिया। भू-अर्जन से संबंधित एक अन्य मामला चतरा से आया था, जिसमें बताया गया कि मनोहर यादव की कुंदा मौजा स्थित जमीन अगस्त 2007 में सीआरपीएफ का कैंप बनाने के क्रम में अधिग्रहित की गयी थी। अधिग्रहण के एवज में मुआवजे का भुगतान आवंटन के अभाव में नहीं किया गया है। इस शिकायत पर प्रधान सचिव ने गृह, कारा व आपदा प्रबंधन विभाग के नोडल अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए एक सप्ताह में आवंटन उपलब्ध कराने का आदेश दिया।
सीओ-एसडीओ को शो-कॉज
पलामू जिले के नरेंद्र सिंह की मार्च 2017 में मृत्यु के पश्चात इनकी पत्नी रिंकी देवी को अब तक पारिवारिक हित नहीं दिये जाने की शिकायत पर सरकार के प्रधान सचिव डॉ वर्णवाल काफी कड़े तेवर में दिखें उन्होंने संबंधित पांकी के अंचल अधिकारी व एसडीओ को शो-कॉज करने का निर्देश दिया। कहा कि यदि अगले मंगलवार तक पारिवारिक हित लाभ का भुगतान नहीं हुआ तो दोषी पदाधिकारी को चिन्हित कर निलंबित किया जाएगा।

[URIS id=9499]

 

कोयले की नीलामी कर हटवाने का निर्देश
जामताड़ा के नारायणपुर प्रखंड कार्यालय से जनवरी 2003 में चौकीदार के पद से सेवानिवृत्त मोहम्म्द शेख कासिम को अब तक एसीपी भुगतान नहीं किये जाने के मामले में लापरवाही बरतने वाले जिला कल्याण पदाधिकारी को डॉ वर्णवाल ने शो-कॉज करने का आदेश दिया। रामगढ़ जिले के गोला रोड रेलवे स्टेशन के एक छोर पर साईडिंग प्वाइंट बनाकर कुछ लोगों द्वारा लाखों टन कोयला का स्टॉक कर विगत कुछ महीनों से लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य धड़ल्ले से करने की शिकायत जनसंवाद में आई थी। इस मामले की समीक्षा करते हुए वर्णवाल ने जिला नोडल अधिकारी को मुख्य व जिला खनन अधिकारी के साथ जाकर स्थल जांच कर अगले मंगलवार तक वहां पड़े कोयले की नीलामी कर हटवाने का निर्देश दिया।
एक महीने में करे रैयतों का भुगतान
सिंचाई प्रमंडल, बुंडू, रांची में आदेशपाल के पद पर कार्यरत के गोलू लोहार की कार्यावधि के दौरान जनवरी 2013 में मृत्यु हो गयी थी। इनके आश्रित पुत्र अजय कुमार लोहार को अब तक अनुकंपा के आधार पर नौकरी नहीं दिये जाने की शिकायत जनसंवाद में दर्ज कराई गयी थी। विभाग द्वारा अजय कुमार की शैक्षणिक योग्यता की जांच का मामला शिक्षा बोर्ड को रेफर किये जाने पर डॉ वर्णवाल ने विभाग के नोडल अधिकारी की जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि शैक्षणिक योग्यता की जांच नियुक्ति के बाद होती है। उन्होंने विभाग के अधिकारी को कड़े शब्दों में कहा कि अगली ‘सीधी बात’ से पहले आश्रित की नियुक्ति सुनिश्चित करें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। गढ़वा जिले के रमना से मझियांव तक पथ निर्माण के लिए 700 रैयतों की अधिग्रहित जमीन का मुआवजा अब तक नहीं मिलने की शिकायत पर डॉ वर्णवाल ने भू-अर्जन पदाधिकारी, गढ़वा को एक महीने में सभी रैयतों को भुगतान करने का आदेश दिया।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More