द्रौपदी मुर्मू को भाजपा ने बनाया राष्ट्रपति उम्मीदवार, देश को पहला आदिवासी राष्ट्रपति मिलना तय

नयी दिल्ली : भाजपा संसदीय बोर्ड की मंगलवार को दिल्ली में भाजपा कार्यालय में हुई बैठक के बाद पार्टी ने ऐलान किया कि ओडिशा से आने वाली महिला आदिवाासी नेता द्रौपदी मुर्मू उसकी ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार होंगी। इससे पहले द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद वे अपने गृह प्रदेश चली गयी थीं।


पिछले राष्ट्रपति चुनाव के दौरान भी द्रौपदी मुर्मू के नाम की चर्चा बहुत तेज थी, लेकिन भाजपा ने तब बिहार के तत्कालीन राज्यपाल रामनाथ कोविद को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया। भाजपा ने पिछली बार एक दलित व्यक्ति को और इस बार एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है।


18 जुलाई को होने जा रहे राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का मुकाबला विपक्ष के साझा उम्मीदवार व तृणमूल कांग्रेस नेता यशवंत सिन्हा से होगा। यह भी दिलचस्प है कि दोनों नेताओं का संबंध झारखंड से और अतीत में भाजपा से रहा है।

सामान्यतः सत्ताधारी पार्टी के उम्मीदवार की जीत तय होती है, यदि कोई बड़ा उलट-फेर न हो तो। ऐसे में द्रौपदी मुर्मू का राष्टप्रति चुनाव जीतना लगभग तय माना जा रहा है। जब भाजपा न सिर्फ केंद्र में बल्कि कई राज्यों में भी मजबूत स्थिति में है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More