2001 दीये से रोशन हुआ शहीद स्मारक

हजारीबाग: सदर विधायक मनीष जायसवाल के विधायक प्रतिनिधियों की पहल पर स्थानीय परिसदन के समक्ष स्थित शहीद स्मारक स्थल परिसर में लगातार तीसरे वर्ष आपका एक दीया शहीदों के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें हर धर्म व संप्रदाय के लोगों ने शिकरत करते हुए एकजुटता का परिचय दिया। इस दौरान दिव्यांग बच्चों द्वारा तैयार 2001 दीये शहीदों के नाम पर जलाये गए।
हुड़हुड़ू स्थित शारीरिक और मानसिक दिव्यांग बच्चों के स्कूल के बच्चों ने इन दीयों को तैयार किया है। इन्हीं दीयों से देश के अमर शहीद जवानों की शहादत को लोगों ने स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि स्मारक स्थल को फूलों की लरियों से और दीपों की मालाओं से आकर्षक तरीके से सजाया गया था। स्मारक परिसर में आकर्षक रंगोलियां बनायी गयी थी। इस दौरान शहर के आरंभ बैंड एवं अभिजित साउंड एंड रिकॉर्डिंग स्टूडियो के कालाकारों ने लाइव म्यूजिक और ट्रैक पर देशभक्ति गीतों से समां बांधे रखा।
आरंभ बैंड के अभिजीत कुमार सोनू, सोनल मिश्रा, शैलेश सोनू, रोहित और पिकू ने जहां देशभक्ति गीत ये वतन मेरे आबाद रहे तू, ऐ मेरे प्यारे वतन और तेरी मिट्टी जैसे गीतों पर लाइव पेर्फोमेंस कर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। मौके पर सदर विधायक प्रतिनिधि विजय कुमार, कटकमदाग विधायक प्रतिनिधि अजय कुमार साहू, कटकमसांडी विधायक प्रतिनिधि किशोरी राणा, नगर विधायक प्रतिनिधि शंकर चंद्र पाठक, विधायक मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, पत्रकार रवि कुमार, नगर निगम के उपमहापौर राजकुमार लाल सहित दर्जनों नेताओं व कलाकारों ने कार्यक्रम को सफल बनाया।




