जिले में जल्द होगा रेड क्रॉस सोसाइटी का गठन

रामगढ़: उपायुक्त संदीप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को जिले में रेड क्रॉस सोसाइटी के गठन हेतु विभिन्न क्लबों एवं व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आहूत की गई। डीसी ने इस दौरान कहा कि अब तक जिले में रेड क्रॉस सोसाइटी का गठन नहीं हो पाया है।
रेड क्रॉस सोसाइटी के गठन के बाद जिला स्तर पर कई स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे, जिससे जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रह रहे लोगों को काफी फायदा होगा। बैठक में उपायुक्त ने जिले के व्यापरियों व क्लब सदस्यों से रेड क्रॉस सोसाइटी के गठन हेतु सुझाव मांगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गठन का निर्देश जल्द से जल्द करने को कहा।
ब्लड बैंक के विषय पर बात करते हुए श्री सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय टीम द्वारा रामगढ़ के सदर अस्पताल का निरीक्षण किया गया है। जल्द ही लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और रामगढ़ में ब्लड बैंक कार्य करना शुरू कर देगा जिससे कि अब लोगों को ब्लड की कमी के कारण किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या को नहीं झेलना होगा।


