रांची योगमय, पीएम के साथ 40 हजार लोग करेंगे योग

रांची: पांचवें अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस के बाबत पूरी राजधानी योगमय हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ योग करने को लेकर लोगों में उत्साह व क्रेज कई दिनों से दिख रहा है। पीएम के साथ लगभग 40 हजार लोग योग करेंगे। इसके सफल आयोजन को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लोगों की सुविधाओं के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की गई हैं। राजधानी के डीसी राय महिमापत रे ने गुरुवार को प्रभात तारा मैदान में आहूत मीडिया वार्ता में कही। उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, अस्थायी शौचालय, मेडिकल टीम, एंबुलेंस और एनडीआरएफ के साथ सुरक्षा के लिए मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पर्याप्त संख्या में जवानों की तैनाती की गई है।
मंच पर प्रधानमंत्री के साथ राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीपद येसो नाइक और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री के प्रवेश के लिए तीन एंट्री प्वाइंट बनाए गए हैं। इनमें से किसी एक एंट्री प्वाइंट से प्रधानमंत्री मंच तक जाएंगे। योग करने वालों के लिए सुबह 3 बजे से एंट्री प्रारम्भ होगी। प्रवेश के लिए 11 प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। लोगों के लिए सीटिंग अरेंजमेंट निर्धारित कर दी गई है। योग शिविर में आने वालों के आवागमन हेतु मुफ्त बस सेवा का परिचालन 20 जून की रात्रि से होगा। योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हो रहे लगभग 40 हजार लोगों में से करीब 28 हजार सामान्य जन हैं।

[URIS id=9499]

10 हजार लोगों ने ऑनलाइन निबंधन कराया है। सुरक्षा को लेकर एसएसपी अनीश गुप्ता ने बताया कि जिला बल, इंडिया रिजर्व बटालियन झारखंड आर्म्ड फोर्स और रैपिड एक्शन फोर्स के जवान कार्यक्रम स्थल पर तैनात किए गए हैं। 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की गई है। हर चेकिंग प्वाइंट पर 6-7 डीएफएमजी लगाए गए हैं। पार्किंग एरिया में भी जवान तैनात रहेंगे। लोगों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी बनाया गया है। कार्यक्रम स्थल पर 400 अस्थायी शौचालय, 200 से ज्यादा पेयजल प्वाइंट्स, 100 के लगभग पानी के टैंकर, 8 मेडिकल रिस्पांस टीम, 21 एंबुलेंस, 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे व 28 डिस्प्ले स्क्रीन कार्यक्रम स्थल में लगाये गये हैं।
यह भी पढ़ें: चमकी बुखार को लेकर झारखंड हाई अलर्ट पर
प्रधानमंत्री भगवान बिरसा की धरती से लोगों को अपने जीवन शैली में योग को शामिल करने का संदेश देंगे। वे पूरी दुनिया के योग प्रेमियों को यहां से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई भी देंगे। सुबह साढ़े छह बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत 45 मिनट का योगाभ्यास होगा। इससे पहले प्रधानमंत्री योग प्रेमियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने कई दूसरे राज्यों व देशों के प्रतिनिधि भी रांची पहुंच रहे हैं।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More