एक तरफ खुशी, दूसरी तरफ मातम…

अमित वर्मा

लोहरदगा: बच्चे जन्म देने के बाद मां अपने बच्चे का न चेहरा देख पाई और न ही इस दुनिया में रही। परिजनों को समझ में नहीं आ रहा कि वे पुत्र के जन्म की खुशी मनाएं या फिर मां की मौत का दुख। इस नवजात के लिए भी शब्द नहीं हैं, जो अपनी मां का दूध भी नहीं पी पाया। सदर अस्पताल में बुधवार को शल्य प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना से परिजन सदमें में हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों और शल्य चिकित्सा में शामिल चिकित्सकों का बयान लिया है। साथ ही आगे की कार्रवाई में जुट गई है। परिजनों ने घटना को लेकर कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई है, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने नियम के अनुसार पुलिस को सूचना देते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया है। मंगलवार की रात 9 बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने रामदुलारी को प्रसव के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार को रामदुलारी की शल्य चिकित्सा से प्रसव की स्थिति को देखते हुए चिकित्सक डा. सुनील मिंज और डा. उषा शल्य कक्ष में रामदुलारी को ले गए। शल्य चिकित्सा से रामदुलारी ने एक पुत्र को जन्म दिया। इसके बाद अचानक से रामदुलारी का ब्लड प्रेशर लगातार गिरने लगा। कुछ ही समय के बाद 11.05 पूर्वाह्न में रामदुलारी ने दम तोड़ दिया। चिकित्सक डा. सुनील मिंज का कहना है कि रामदुलारी की मौत ब्लड प्रेशर लगातार गिरने के कारण हुई है। उन्होने नियम के अनुसार पुलिस को सूचना दी है, साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराया है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More