पर्यावरण प्रदूषण और कुपोषण से निपटने में सहायक बनते ऑक्सीजन पार्क : आयुषी खरे

डेस्क: विकास के नए आयाम, बढ़ते औद्योगीकरण और शहरीकरण ने प्रकृति के परिदृश्य को चारों ओर कॉन्क्रीट और डामर से भर दिया है। व्यापक शहरीकरण ने मानव जीवन को प्रभावित करने के साथ ही प्रकृति को भी छलनी किया जिसके मुख्य स्वरूप घनी आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास वायु प्रदूषण में वृद्धि, बड़े पैमाने पर निर्माण और निर्वनीकरण के फलस्वरूप बनते शहरव्यापी माइक्रोक्लाइमेट और भूजल व जल संसाधनों में गिरावट के तौर पर देखे जा सकते हैं। पर्यावरण की सेहत को संभालने अब ऑक्सीजन पार्क रूपी ग्रीन लंग्स की आवश्यकता बढ़ती जा रही है।

क्या है ऑक्सीजन पार्क

ऑक्सीजन पार्क पर्यावरण की सेहत और क्षमता को बढ़ाने का एक निवारक दृष्टिकोण है। यह एक सक्रिय अवधारणा है जिसमें वृक्षारोपण के लिए दो परत के लेआउट का उपयोग किया जाता है। इस पार्क अथवा क्षेत्र में हज़ारों की संख्या में ऑक्सीजन छोड़ने वाले पेड़ पौधे लगाए जाते हैं जो 24 घंटे ऑक्सीजन देने में सक्षम होते हैं।

पहली परत में पीपल, बरगद, नीम, ऐरिका पाम आदि पेड़ों का उपयोग किया जाता है तथा दूसरी परत एलोवेरा, तुलसी, आइवी प्लांट, स्नेक प्लांट व अंजीर जैसे पौधों से विकसित की जाती है। संतुलन, संयोजन और सावधानीपूर्वक रखरखाव से बनाये गए ऐसे विशिष्ट वृक्षारोपण क्षेत्रों से शहरों को प्राकृतिक फेफड़े मिलते हैं।

भारत में यहाँ विकसित किए गए हैं ऑक्सीजन पार्क

शहरों के माइक्रोक्लाइमेट को नियंत्रित करने, प्रदूषण को कम करने, तापमान में लगातार वृद्धि को रोकने एवं मानसूनी हवाओं को चैनल कर वर्षा को समान रूप से फैलाने में सहायक ऑक्सीजन पार्क देश में कई जगह विकसित किये गए हैं। त्रिपुरा के अगरतला में वर्ष 2021 में त्रिपुरा फारेस्ट डिपार्टमेंट द्वारा 29.6 हेक्टेयर में ऑक्सीजन पार्क डेवलप किया गया।

 

अहमदाबाद के साइंस सिटी रोड पर उगती तालाब के किनारे 11 हज़ार वर्गमीटर में 25 हज़ार पेड़ पौधों के साथ ऑक्सीजन पार्क विकसित किया गया। हैदराबाद के कुण्डलकोमा, गुजरात के वड़ोदरा के साथ साथ नागपुर के ओंकार नगर में भी यह विशिष्ट वन क्षेत्र बनाए गए हैं। झारखंड के राँची में मोरहाबादी ग्राउंड में ऑक्सीजन पार्क करीब 16 हज़ार वर्गमीटर में फैला हुआ है।

प्रदूषण और कुपोषण से लड़ने में सहायक यह मिनी वन

ऑक्सीजन पार्क की अवधारणा हाइब्रिड ग्रीन लैंडस्केप टेक्नोलॉजी की तरह है। यह हरित क्षेत्र न सिर्फ वनस्पति विविधता को बढ़ाते हैं बल्कि स्वास्थ्य संबंधित गतिविधियों के लिए भी एक बेहतर केंद्र बनकर उभरे हैं। मॉर्निंग वॉक, जॉगिंग, रनिंग की स्वस्थ जगह देने के साथ साथ बच्चों के खेलने के साधन, योग व श्वास संबंधित रोगों के प्रतिरोध में सहायक ऑक्सीजन पार्क कोरोना काल के बाद महत्वपूर्ण योगदान दे पाने में सक्षम हैं। वायु प्रदूषण से निपटने में सहायक इन मिनी वनों में विकसित पेड़ पौधे जहाँ वायु शुद्ध करने की भूमिका निभाएंगे तो दूसरी ओर कुपोषण से निपटने में भी मददगार साबित होंगे। कुपोषित आबादी वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन पार्क के साथ पोषण वाटिका विकसित की जा सकती हैं जिनमें फल व औषधीय गुणों वाले पेड़ पौधों का मिनी वन विकसित किया जा सकता है।

-लेखिका आयुषी खरे

(लेखिका आयुषी खरे की चार पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं एवं वे स्वतन्त्र लेखन करती हैं। यह लेखिका के निजी विचार हैं)

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More