कोडरमा: झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन कोडरमा ने उपायुक्त सह अध्यक्ष जिला प्रारंभिक शिक्षा समिति कोडरमा को एक ज्ञापन देते हुए प्रपत्र एक जमा कराने की अंतिम तिथि में विस्तार करने की मांग की। जिला शिक्षा अधीक्षक सह अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी कोडरमा के पत्रांक 868 द्वारा व्हाट्सएप एवं अखबार के जरिए सभी निजी विद्यालयों को प्रपत्र 1 को जमा कराने की अंतिम तिथि 3 अक्टूबर निर्धारित की है, जो असंभव प्रतीत हो रहा है।
एसोसिएशन ने कहा है कि लगभग सभी स्कूलों में बच्चों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा चल रही है। इसके बाद दुर्गा पूजा की छुट्टी है। ऐसे में प्रपत्र जमा करना कठिन होगा, इसलिए इसकी अवधि बढ़ाते हुए पर्याप्त समय दिया जाए। इस बाबत हम प्रपत्र को सही तरीके से भरकर जमा कर सकेंगे। इसकी प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक को भी दी गई है। ज्ञापन पर जिला सचिव संजीव कुमार, जिला अध्यक्ष देवेंद्र कुमार, जिला संरक्षक अनिल कुमार, जिला उपाध्यक्ष संगीता सिन्हा, नगर अध्यक्ष राजीव कुमार सहित बजरंगी लाल सिन्हा श्रीवास्तव, मनीष वर्णवाल, कोडरमा नगर अध्यक्ष आनंद भारती, राजेश कुमार, मुकेश कुमार, मुन्ना कुमार, पंकज सिंह, अभिषेक कुमार के हस्ताक्षर है।