रांची: गैर शैक्षणिक कार्य का बहिष्कार करेंगे पारा शिक्षक

रांची: एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा राज्य इकाई ने अपने आंदोलन को और भी धारदार बनाने की दिशा में कार्रवाई आरंभ कर दी है। इन्होंने एकस्वर से कहा है, कि ये चुनाव कार्य, बीएलओ कार्य, जातिगत जनगणना सहित सभी गैर शैक्षणिक कार्यों का बहिष्कार करेंगे। इस बाबत जल्द ही राज्य निर्वाचन आयोग को ये अपना अभ्यावेदन दे देंगे।
इस बाबत जिला इकाई और प्रखंड इकाई भी संबंधित कार्यालय को सूचना दे देने की बात कही है। आंगनबाड़ी सेविका के हड़ताल में रहने के कारण पारा शिक्षकों को बीएलओ कार्य में लगाए जाने का कोई भी पत्र या आदेश स्वीकार नहीं करना है। अप्रशिक्षित एवं एनसी अंकित पारा शिक्षकों की सेवा समाप्ति को लेकर लगातार विभिन्न प्रखंड/जिला से पत्र जारी किए जा रहे हैं, वैसे साथियों से कहना है कि आप स्कूल नहीं छोड़ें।
लगातार स्कूल जाते रहें। कहा कि जल्द ही दिल्ली जाकर इसके समाधान का प्रयास किया होगा। इस दिशा में आमरण अनशन भी प्रारंभ किया जाएगा। इन्होंने पारा शिक्षकों से आहवान किया कि राज्य के सभी 65000 पारा शिक्षकों को वर्तमान परिस्थिति में अप्रशिक्षित एवं एनसी अंकित पारा शिक्षक साथियों के साथ खड़े रहने एवं उनके अस्तित्व रक्षा के लिए आंदोलन में कूदने की आवश्यकता है। राज्य इकाई के विनोद बिहारी महतो, संजय कुमार दुबे, हृषिकेश पाठक, प्रमोद कुमार, नरोत्तम सिंह मुंडा, दशरथ ठाकुर, मोहन मंडल, प्रद्युम्न कुमार सिंह (सिंटू) आदि ने पारा शिक्षकों से इस आशय का आह्वान किया है।
पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा रांची जिला प्रभारी मो. शकील ने जिला भर के पारा शिक्षकों को सूचित करते हुए अपील किया है कि बीएलओ कार्य का बहिष्कार करें। मो शकील ने कहा है कि आंगनबाड़ी सेविकाओं की हड़ताल के कारण पारा शिक्षकों को काम में लगाया जा रहा है, जबकि शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्य से मुक्त रखा गया है, तो हम अन्य का विकल्प क्यों बनें। इसलिए सभी पारा शिक्षक बीएलओ कार्य का पुरजोर विरोध करें। नियमावली बनाये जाने तक बीएलओ कार्य का बहिष्कार करते रहें। बहरहाल ये देखनेवाली बात होगी कि पारा शिक्षकों के इस आंदोलन को लेकर सरकार का क्या रुख होता है?
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More