सरकारी स्कूलों की बदहाली ने हमें निजी स्कूलों की मनमानी और शोषण को सहने को मजबूर किया: पाठक

रांची: शनिवार को अभिभावक संघर्ष समिति के तत्वावधान में राजभवन के समक्ष निजी स्कूलों से संबंधित बिभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया गया। धरना के बाद राज्यपाल के नाम से एक मांग पत्र सौंपा गया। इसके पहले धरना को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अमृतेश पाठक ने कहा कि सरकारी स्कूलों की बदहाली ने हमें निजी स्कूलों की मनमानी और शोषण को सहने को मजबूर कर दिया है। निजी स्कूलों में गरीब परिवार के बच्चों को गुणात्मक शिक्षा के लिए पढ़ाना ज्यादातर लोगों के लिए सपना है। शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में गरीब परिवार के बच्चों के नामांकन की जो व्यवस्था है। उसपर भी सरकारी अधिकारियों की नजर लग जाती हैं। बेबजह के कागज़ात, प्रमाण पत्र और प्रक्रिया में उलझा कर गरीब परिवार के बच्चों को गुणात्मक शिक्षा के अधिकार से वंचित किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधीक्षक के कार्यालय से ऑनलाईन फार्म में जाति, आवासीय, आय और बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र का नंबर मांगा जा रहा है। फार्म देखकर लगता है कि प्रमाण पत्र बच्चों के स्कूलों में नामांकन के बदले किसी नौकरी के लिए मांगा जा रहा है। अभिभावक संघर्ष समिति यह मांग करती है कि कागज़ात और प्रक्रिया को सरल बनाया जाय।जाति, आवासीय, आय या आयु के लिए कोई भी प्रमाण पत्र जो उसका समर्थन करता है उसे माना जाए। माता पिता या अभिभावक द्वारा स्वघोषित स्वहस्ताक्षरित घोषणा पत्र को भी माना जा सकता है। किसी स्कूल मे किसी बच्चे का नामांकन कागज़ात के अभाव में न लेना शिक्षा के अधिकार अधिनियम का उल्लंघन है। यदि जिला शिक्षा अधीक्षक या सरकार की हठ से प्रमाण पत्र और प्रक्रिया के कारण  हरेक वर्ष की तरह इस बार भी नामांकन से इंकार किया गया तो सबको कोर्ट मे घसीटेंगे।
पाठक ने कहा कि गरीब और वंचित तबके के लोगों के बच्चों का निजी स्कूलों में कुल सीट के 25%नामांकन की प्रक्रिया सरल बनाने, अल्पसंख्यक मान्यता के नाम पर रांची समेत राज्य के दर्जनों स्कूलों के शिक्षा के अधिकार से वंचित होने तथा सभी स्कूलों में राष्ट्र भाषा, राष्ट्र गान एवं राष्ट्रीय गीत को प्राथमिक एवं अनिवार्य बनाने के लिए आज राज्यपाल महोदया को पत्र देने के बाद शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री सभी से मिलेंगे। धरना देंगे जरूरत पड़ी तो आमरण अनशन भी करेंगे। लेकिन सरकारी स्कूलों की बदहाली एवं निजी स्कूलों की मनमानी और शोषण के खिलाफ आंदोलन को निर्णायक बनायेंगे। धरना को संबोधित करने वालों में वरीय सदस्य विरेन्द् प्रसाद एवं रोमोला वसंती तिग्गा ने कहा कि निजी स्कूलों के फीस निर्धारण के लिए बिल को जानबूझकर विधान सभा में पारित नही किया गया। जिससे रांची समेत राज्य के लाखों अभिभावक निराश हैं। धरना को शाहदा खातून, प्रियंका देवी, कौशल कुमार,अक्षय पाठक, मिस शांताकुमारण, केदारनाथ पाण्डेय समेत कई लोगों ने संबोधित किया।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More