तारामंडल का निर्माण पूरा, उद्घाटन इसी माह: डाॅ नीरा

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में तारामंडल बनकर तैयार हो चुका है और प्रदेश के सीएम रघुवर दास इसी माह के अंत में इसका विधिवत उद्घाटन करेंगे। इलेक्ट्रो मैकेनिकल टेक्नोलॉजी पर निर्मित इस तारामंडल के निर्माण में कुल 26 करोड़ की लागत आयी है। इसका बकायदा ट्रायल भी किया जा चुका है। ये बातें गुरुवार को सूचना भवन में आहूत मीडिया वार्ता के दौरान प्रदेश की शिक्षा मंत्री डाॅ नीरा यादव ने कही।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि रांची के अलावे देवघर व दुमका में भी मिनी तारामंडल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। कहा कि राज्य के देवघर में संस्कृत विश्वविद्यालय खोलने की प्रक्रिया चल रही है। सरकार का प्रयास है कि प्राइमरी से ही विद्यालयों में संस्कृत की पढ़ाई हो। आज संस्कृत पढ़ाने वाले शिक्षकों की संख्या कम हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए देवघर में संस्कृत विश्वविद्यालय खोला जा रहा है। कहा कि सरकार के गठन के समय से लेकर अब तक 12 जिलों में महिला महाविद्यालय, 13 जिलों में मॉडल महाविद्यालय और 27 विधानसभा क्षेत्रों में डिग्री महाविद्यालय की स्थापना की स्वीकृति प्रदान की गयी है। कुल 52 नये महाविद्यालयों की स्थापना की गयी है। इसके अलावे सरकार द्वारा 13 पॉलिटेक्निक संस्थान खोले गये हैं। सरकार के प्रयास से पांच नये विश्वविद्यालयों की स्थापना की गयी है। इनमें बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विवि, धनबाद में रक्षा शक्ति विवि, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि आदि शामिल हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग की ओर से रोजगार मेला आयोजन कर 25 हजार युवाओं को और स्कील समिट के तहत दूसरे रोजगार मेले में एक लाख 27 हजार युवाओं को रोजगार दिया गया। उन्होंने कहा कि पहले राज्य में 30 पॉलिटेक्निक संस्थान थे, जिसमें 8820 सीट थी। अब यह संख्या बढकर 43 हो गया है और इनमें सीटों की संख्या 11575 है। कहा कि उच्च शिक्षा को सुलभ बनाने का प्रयास किया गया है। इसके तहत उच्च शैक्षणिक संस्थानों के आधारभूत संरचनाओं का अधिकतम उपयोग के उद्देश्य से राज्य के सभी विवि में द्वितीय पाली में विद्यार्थियों का नामांकन किया गया है। वर्तमान में 13294 विद्यार्थी द्वितीय पाली में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। सरकार के गठन के पूर्व उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छह महाविद्यालय नैक एक्रीडिएशन प्राप्त किये थे, जिनकी संख्या अब बढकर 96 हो गयी है। कहा कि केंद्र, राज्य और निजी भागीदारी से इंडियन इंस्टीच्यूट ऑफ इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी का शैक्षणिक कार्य एनआईटी, जमशेदपुर में चल रहा है। राज्य सरकार द्वारा रांची में आईआईआईटी की स्थापना के लिए कुल 66.69 एकड भूमि निःशुल्क उपलब्ध कराया गया है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More