भुरकुंडा: रामगढ़ जिला अंतर्गत कोयलांचल के युवाओं द्वारा लगातार शिक्षा में भ्रष्टाचार का विरोध जारी है। प्रखंड से जिला स्तर पर अधिकारियों द्वारा किसी प्रकार की जवाबदेही न मिलने पर युवाओं ने इस मुद्दे को शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा है। वहीँ शिक्षा के प्रति अव्यवस्था को देखते हुए उन्होंने अपनी आवाज बुलंद करते हुए, शिक्षा बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले माननीय मुख्यमंत्री और राज्य मानवाधिकार आयोग से निजी विद्यालयों की मनमानी और जिला शिक्षा विभाग की निष्क्रियता की शिकायत कर एक लिखित आवेदन सौंपा।
इस शिकायत पत्र में निजी विद्यालयों में रिएडमिशन के साथ अन्य फंडों के नाम पर फीस बटोरने, शिक्षा अधिकार अधिनियम का पूर्णतः पालन करने, पाठ्य सामग्री में कमीशनखोरी बन्द करने, यूनिफार्म पांच वर्ष से पूर्व न बदलने एवं सप्ताहिक अलग-अलग यूनिफॉर्म पर रोक लगाने की मांग की गई, एनसीईआरटी की पुस्तकें चलाई जाए, जिन अभिभावको से पैसे ले लिए गए हैं उन्हें वापस किया जाए, सीबीएसई के नियमानुसार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बेटियों को निःशुल्क शिक्षा जैसे मांगो को रखा।
साथ ही यह भी कहा कि अगर उनके इस प्रस्ताव व आवेदन की अनदेखी की जाती है तो हम आन्दोलन पर विवश हो जाएंगे जिसके तहत 10/5/19 को अर्धनग्न प्रदर्शन, 15/5/19 को जिला शिक्षा विभाग की शव यात्रा सह दाह संस्कार कार्यक्रम, 18/5/19 को सर मुंडन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतिलिपि सौंपने वालो मे समिति के राजेश सोनी, मंसूर खान, विश्वरंजन सिन्हा, संजय सिंह, शैलेश कुशवाहा मौजूद थे।