रांची: पर्यावरण को अगर बचाना है तो प्लास्टिक से मुक्ति पाना है। स्वच्छ रहेंगे स्वस्थ रहेंगे। ढोल- नगाड़ों के साथ नारे लगाते हुए कैंब्रिज बीएड काॅलेज के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को मासू गांव में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान विद्यार्थियों ने गांव में नुक्कड नाटक के माध्यम से स्वच्छता का महत्व व प्लास्टिक से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में बताया।
इस दौरान इन्होेंने गांव में फैले कूडे़- कचरे को चुनकर साफ किया। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत यह कार्यक्रम 2 अक्टूबर तक चलेगा। मौके पर ग्रामीणों के बीच विद्यार्थियों द्वारा निर्मित कागज व जुट के थैले, डस्टबीन आदि का वितरण भी किया गया। गौरतलब है कि नवीन शोधों में पर्यावरण और मानव जीवन को प्लास्टिक से होने वाले हानिकारक प्रभावों के सामने आने के बाद आज विश्व का लगभग हर देश इसके इस्तेमाल को सीमित करने की दिशा में कदम उठाने लगा है।
भारत सरकार ने भी देशवासियों से सिंगल यूज प्लास्टिक यानी एक बार प्रयोग किए जाने वाले प्लास्टिक का उपयोग बंद करने का आह्वान किया है। ऐसे में सीआईटी के विद्यार्थियों की ये कोशिशें राज्य व देशहित में कारगर साबित होंगी। इस दौरान हेसल पंचायत की मुखिया शीला देवी, प्राचार्य डाॅ रविंद्र कुमार, प्रशासक मनीष नाथ, संजीव तिवारी, प्रो रेणु, प्रो प्रदीप, विकास आनंद, मिलन ठाकुर व सूरज महतो सहित कई लोग मौजूद थे।