रामलीला मैदान में कांग्रेस की भारत बचाओ रैली, सोनिया, मनमोहन, राहुल, प्रियंका मौजूद

 

नयी दिल्ली : दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस आज भारत बचाओ रैली कर रही है. इस रैली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार और उनकी पार्टी भाजपा की नीतियों के खिलाफ बुलाया गया है. इस रैली में कांग्रेस में तमाम बड़े नेता मौजूद हैं. रैली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डाॅ मनमोहन सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी मौजूद हैं.

रैली को इस वक्त कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी संबोधित कर रही हैं. प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन के दौरान मोदी सरकार एवं भाजपा पर जोरदार राजनीतिक हमला बोला है. प्रियंका गांधी ने कहा कि हर बस स्टाॅप, हर अखबार पर दिखता है कि मोदी है तो मुमकिन है. असलियत यह है कि बीजेपी है तो 100 रुपये किलो की प्याज है, बीजेपी है तो 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी मुमकिन है. बीजेपी है तो तो चार करोड़ नौकरियां नष्ट होना मुमकिन है.

प्रियंका गांधी ने कहा, भारत कैसा देश है. यह एक ऐसे आंदोलन से पैदा हुआ देश है, विश्व के सबसे बड़े साम्राज्य को हराने के लिए अहिंसा और प्रेम की शक्ति का इसने इस्तेमाल किया. यह प्रेम अहिंसा और भाईचारे का देश है. भारत बचाने का नारा रामलीला मैदान से निकल कर पूरे देश में जाना चाहिए यह हम सबकी जिम्मेवारी है. उन्होंने भाजपा एवं आरएसएस के नेताओं के खिलाफ लोगों से संगठित होने की अपील की.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More