अरविंद केजरीवाल ही बनेंगे दिल्ली के मुख्यमंत्री, विधायक दल के नेता चुने गए

विधायक दल की बैठक के बाद मनीष सिसोदिया ने प्रेस कान्फ्रेंस कर कहा कि आज देशभक्ति का मतलब है कि सुविधाएं देना, महिलाओं को सुरक्षा देना. उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों हमें वोट देकर यह संदेश दिया. उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों ने यह मैसेज दिया कि अरविंद केजरीवाल हमारा बेटा है. उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के 62 विधायकों ने बैठक में यह निर्णय लिया कि अरविंद केजरीवाल ही हमारे नेता होंगे और वे मुख्यमंत्री होंगे. उन्होंने कहा कि 16 फरवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण होगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि बड़ी संख्या में वहां पहुंच कर उनका हौसला बढायें कि वे इसी तरह अगले पांच साल भी दिल्ली के लिए काम करें. उन्होंने कहा कि सभी यह शपथ लें कि हम दिल्ली को नफरत की राजनीति से उपर का शहर बनाएं.
नयी दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने आज अरविंद केजरीवाल को फिर एक बार अपने विधायक दल का नेता चुन लिया गया. इस चयन के साथ ही यह तय हो गया कि अरविंद केजरीवाल तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. पहले एक संभावना यह जतायी जा रही थी कि मनीष सिसोदिया को मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंप कर अरविंद केजरीवाल राष्ट्रीय राजनीति पर ध्यान फोकस कर सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
आज अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी के विधायकों की बैठक में मनीष सिसोदिया ने अरविंद केजरीवाल को विधायक दल का नेता चुनने का प्रस्ताव रखा, जिसे सबने सहमति से स्वीकार किया. वहीं, संजय सिंह एवं अन्य नेता ने उन्हें मुख्यमंत्री चुनने का प्रस्ताव रखा जिसे स्वीकार कर लिया गया.
अरविंद केजरीवाल इस बार दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में शपथ ले सकते हैं. यह शपथ ग्रहण 16 फरवरी को हो सकता है. हालांकि इस संबंध में मनीष सिसोदिया आज पे्रस कान्फ्रेंस कर एलान करेंगे. केजरीवाल के इस शपथ ग्रहण में कई बड़े विपक्षी नेता के शामिल होने की भी संभावना जतायी जा रही है.


