झारखंड चुनाव के दौरान पहला नक्सली हमला, लातेहार में चार जवान शहीद

कल ही जिले के दौरे पर गृहमंत्री अमित शाह आए थे और मुख्य चुनाव आयुक्त का नक्सलवाद खत्म होने के सवाल पर बयान आया था
लातेहार : झारखंड विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच नक्सलियों ने आज पहली कार्रवाई को अंजाम दिया. नक्सलियों ने आज लातेहार जिले के चंदवा थाने में बड़ी नक्सल कार्रवाई को अंजाम दिया. एनएच- 22 पर शुक्रवार की देर शाम नक्सली हमले में झारखंड पुलिस का एक एएसआइ सहित चार जवान शहीद हो गए. मालूम हो लातेहार में पहले चरण में 30 तारीख को विधानसभा चुनाव है. कल ही इस जिले के दौरे पर गृहमंत्री आए थे और मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा का पत्रकारों के सवाल के जवाब में बयान आया था कि अधिकारियों ने राज्य से नक्सली खत्म होने की उन्हें कोई जानकारी नहीं दी है.
नक्सलियों के हमले में शहीद हुए एएसआइ का नाम सुकिया उरांव है, जो गुमला जिले के घाघरा के रहने वाले हैं. इनके अलावा तीन होमगार्ड जवानों की मौत हमले में हुई है. यह घटना पुलिस थाने से मात्र दो किलोमीटर दूर रुकइया मोड़ पर हुई. इस संबंध में डीआइजी अमोल वी होमकर ने बयान दिया है कि सुरक्षा चूक की वजह से यह घटना घटी. लातेहार के एसपी मौके पर पहुंचे हैं एवं अतिरिक्त पुलिस बल को रांची से रवाना किया गया है.
बताया जाता है कि नक्सलियों ने लोहरदगा की ओर जाने वाली पीसीआर वैन को निशाना बनाकर हकमला किया.
हमले में जख्मी हुए एक जवान का चान्हो के पास निधन हो गया. इनके अलावा शहीद हुए जवानों में एसआइ सुकरा उरांव के अलावा सिंकदर सिंह, चालक जमुना प्रसाद एवं जवान शंभु प्रसाद शामिल हैं.


