फूलचंद ने भाजपा छोड़ी, कहा चुनाव लड़कर रहेंगे

धनबाद: सिंदरी विधायक फूलचंद मंडल ने भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने इसके लिए सीधे मुख्यमंत्री रघुवर को जिम्मेवार ठहराया है। मंडल ने कहा कि वे हर हाल में चुनाव लडे़ंगे। निर्दलीय या किसी पार्टी से इसका खुलासा बाद में करेंगें।

श्री मंडल तीन बार भाजपा के विधायक रहे हैं, लेकिन इस बार पार्टी ने उनकी जगह पर इंद्रजीत महतो को चुनावी दंगल में उतारा है। मंडल ने इस निर्णय के खिलाफ विद्रोह कर दिया है। बताया जा रहा है कि वे झामुमो की टच में हैं। विधायक फूलचंद ने पार्टी नेतृत्व से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है। कहा कि वे राष्ट्रीय या क्षेत्रीय दल के संपर्क में हैं व सिंदरी सीट से किसी भी पार्टी या निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।

फूलचंद मंडल के साथ ये दूसरा मौका है, जब सिटिंग विधायक रहते हुए उनका टिकट काटा गया है। इससे पूर्व 2005 में भी भाजपा ने उनका टिकट काटा था तो वे बागी होकर जेवीएम से चुनाव लड़कर जीते थे। 2014 में वे फिर भाजपा में आ गए। इस बार श्री मंडल सिंदरी से अपने बेटे के लिए टिकट चाह रहे थे, लेकिन पार्टी ने उन पर भरोसा न कर बीस सूत्री उपाध्यक्ष इंद्रजीत महतो को टिकट दे दिया है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More